लोन फोरक्लोजर के नाम पर धोखाधड़ी: भवानीमंडी पुलिस ने आरोपी अखिलेश गुजराती को किया गिरफ्तार

भवानीमंडी: लोन फोरक्लोज करवाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह पर भवानीमंडी पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अखिलेश गुजराती को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पहले ICICI बैंक, इक्विटास स्मॉल फाइनेंस बैंक और पिरामल हाउसिंग कंपनी में कार्यरत रह चुका है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी ओमप्रकाश मेहर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2022 में लोन दिलाने के बहाने अखिलेश और उसके साथी मयंक वशिष्ठ उर्फ राहुल शर्मा ने ऑनलाइन एप ‘‘मनीव्यू’’ के जरिए 4.85 लाख का लोन स्वीकृत करवाया था। इसके बाद लोन बंद करवाने के नाम पर दोनों ने मिलकर उससे लगभग 7 लाख रुपये ले लिए। शिकायत में यह भी बताया गया कि लोन स्टेटस चेक करने के बहाने आरोपी ने उसका मोबाइल फोन लेकर ‘‘री-फाइन’’ ऐप के माध्यम से 78,112 रुपये एडवांस सैलरी निकालकर अपने खातों में ट्रांसफर कर लिए। घटना के आधार पर पुलिस ने धारा 318(4), 316(2), 61(2) बीएनएस 2023 में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, एएसपी भागचंद मीणा तथा वृत्ताधिकारी प्रेमकुमार के निर्देशन में थाना प्रभारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी विश्लेषण और आसूचना के आधार पर टीम ने आरोपी को भवानीमंडी के बागरी मोहल्ला क्षेत्र से गिरफ्तार किया। दूसरा आरोपी मयंक वशिष्ठ उर्फ राहुल शर्मा, निवासी उदयपुर हाल भैसोदामंडी अभी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post