जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने किया स्टॉल का शुभारंभ, चार स्थानों पर मिलेंगी परंपरागत मिठाइयाँ
झालावाड़, 10 अक्टूबर।
दीपावली के पर्व पर शुद्ध मिठाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन झालावाड़ द्वारा एक अनूठी पहल की गई है। शुक्रवार को जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने मिनी सचिवालय के मुख्य द्वार पर झालावाड़ सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार लिमिटेड द्वारा संचालित स्टॉल का शुभारंभ फीता काटकर किया। कलेक्टर ने बताया कि स्थानीय परंपरागत मिठाइयों का प्रचलन अब कम होता जा रहा है। इसे पुनर्जीवित करने और जनता को शुद्ध देशी घी से निर्मित मिठाइयाँ सस्ती दरों पर उपलब्ध कराने के लिए यह प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष होली पर भी ऐसी पहल की गई थी, जिसे जनता से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली थी।
सरस के शुद्ध देशी घी से बनी हैं मिठाइयाँ
कलेक्टर ने बताया कि सभी मिठाइयाँ सरस के शुद्ध देशी घी से तैयार की गई हैं, जो स्वास्थ्य के लिए लाभकारी हैं। इन मिठाइयों में मोतीचूर के लड्डू, बेसन चक्की, मठरी और मक्खन वड़ा शामिल हैं।
मिठाइयों की दरें
मोतीचूर के लड्डू — ₹360 प्रति किलोग्राम
बेसन चक्की — ₹320 प्रति किलोग्राम
मठरी — ₹260 प्रति किलोग्राम
मक्खन वड़ा — ₹400 प्रति किलोग्राम
इन स्थानों पर मिलेंगी मिठाइयाँ
शुद्ध देशी घी से बनी मिठाइयों के स्टॉल निम्न स्थानों पर लगाए गए हैं —
1. मिनी सचिवालय मुख्य द्वार
2. सहकार भवन, झालरापाटन रोड
3. स्टेशनरी शॉप, तांगा अड्डा
4. उपहार सुपर मार्केट, राजकीय खेल संकुल झालावाड़
प्रशासन ने अपील की है कि नागरिक इन मिठाइयों को अधिक से अधिक मात्रा में खरीदकर स्थानीय उत्पादों और शुद्ध स्वाद को बढ़ावा दें। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त जिला कलेक्टर अनुराग भार्गव, जिला परिषद सीईओ शम्भुदयाल मीणा, एसडीएम अभिषेक चारण, और उप पंजीयक अवतार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Post a Comment