रेलवे ओवरब्रिज की घोषणा पर उद्योग-व्यापार मंच ने जताया आभार

भवानीमंडी: राजस्थान सरकार के बजट में भवानीमंडी एवं चौमहला में रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की घोषणा के बाद शहर में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय उद्योग एवं व्यापार मंच ने इस घोषणा का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लंबे समय से लंबित मांग की पूर्ति बताया है। मंच के प्रदेशाध्यक्ष नरेश माधवानी एवं जिला महामंत्री कमलेश गुप्ता दलाल ने संयुक्त बयान में कहा कि वित्त मंत्री दिया कुमारी द्वारा प्रस्तुत बजट विकासोन्मुख और प्रगतिशील है, जिसमें किसान, महिला, युवा, विद्यार्थी, सरकारी कर्मचारी, स्वास्थ्य, पेयजल, कृषि, भंडारण, सड़क एवं आधारभूत संरचना, शिक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि कोटा-नागदा रेलवे खंड के अंतर्गत एलसी-64 (कालवा स्थान रेलवे फाटक) पर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के लिए 47 करोड़ 34 लाख रुपये की घोषणा से भवानीमंडी नगर को यातायात जाम और दुर्घटना की समस्या से राहत मिलेगी। यह मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी। इसके अतिरिक्त भवानीमंडी में 15 एमएलडी क्षमता के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट निर्माण के लिए 36 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे घरेलू एवं व्यावसायिक क्षेत्रों से निकलने वाले अपशिष्ट जल का वैज्ञानिक तरीके से शोधन संभव होगा। डग विधानसभा क्षेत्र में छोटी काली सिंध एवं चाचूर्णी नदी पर मध्यम सिंचाई परियोजना के लिए 1622 करोड़ रुपये का प्रावधान भी क्षेत्र के किसानों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं झालावाड़ मेडिकल कॉलेज के एसआरजी अस्पताल में एमआरआई मशीन की उपलब्धता से जिले के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेगी।इसके साथ ही गुराडिया माना एवं सरोद में गोदाम निर्माण, क्यासरा मंदिर विकास, बनी एवं जगदीशपुर गांव में 33 केवी सब-ग्रिड स्थापना सहित अन्य घोषणाओं को भी क्षेत्र के विकास की दिशा में अहम कदम बताया गया है। मंच पदाधिकारियों ने इन घोषणाओं के लिए स्थानीय विधायक कालूराम मेघवाल का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि सभी परियोजनाएं समयबद्ध रूप से धरातल पर उतरेंगी।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post