ताल।
शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय नारायणगढ़ में गुरुवार को भावनाओं और उल्लास से भरा वातावरण देखने को मिला। विद्यालय परिसर में कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह तथा नवनियुक्त जनशिक्षक राजेश जोशी के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से हुई, जिसने पूरे माहौल को भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना दिया। समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित नवनियुक्त जनशिक्षक राजेश जोशी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है। विद्यालय स्टाफ की ओर से राजेश जोशी का पुष्पहार व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। वहीं कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों को पुष्पमाला पहनाकर अनोखे अंदाज में भावभीनी विदाई दी गई। इस दौरान कई छात्र- छात्राएं भावुक भी नजर आए। कार्यक्रम का संचालन दिनेश मेहर ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन शाला प्रभारी विष्णु मेहरा ने व्यक्त किया। समारोह में स्टाफ सदस्य राजकुमारी डामेचा, भुनैश कोठारी, साबिया मैडम सहित पालकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने विद्यालय परिवार में नए उत्साह और प्रेरणा का संचार किया।
Post a Comment