भैसोदा में गर्मी से पहले जलसंकट से निपटने की तैयारी, गांधी सागर लाइन से तालाब में छोड़ा पानी, नगर परिषद की वैकल्पिक व्यवस्था शुरू

                                  चित्र- पाइपलाइन डलने के बाद तालाब में पानी छुड़वाते जनप्रतिनिधि

भैसोदामंडी: आगामी गर्मी के मौसम में संभावित पेयजल संकट से निपटने के लिए नगर परिषद ने समय रहते बड़ा कदम उठाया है। परिषद ने गांधी सागर से आ रही मुख्य सिंचाई पाइपलाइन से एक अतिरिक्त पॉइंट निकालकर भैसोदा तालाब की पुलिया के पास जोड़ दिया है। इसके माध्यम से पानी सीधे तालाब में छोड़ा गया, जिससे गर्मी के दिनों में जल उपलब्धता बनी रहेगी। 

दरअसल, हर वर्ष गर्मी के मौसम में भैसोदा में पेयजल संकट विकराल रूप ले लेता है। नगर की वर्तमान पेयजल व्यवस्था पूरी तरह सरकारी कुओं पर निर्भर है। गर्मी बढ़ने पर कुओं का जलस्तर घट जाता है, जिससे परिषद को निजी कुओं का अधिग्रहण करना पड़ता है। साथ ही पानी के टैंकरों पर अतिरिक्त खर्च भी मजबूरी बन जाता है। इसी समस्या को देखते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्रीय विधायक चंदर सिंह सिसोदिया से मुख्य सिंचाई पाइपलाइन से एक कनेक्शन देने की मांग की थी। मांग पर सकारात्मक पहल करते हुए नगर परिषद ने लगभग 100 से अधिक पाइप डालकर भूमिगत लाइन बिछाई और उसे तालाब से जोड़ दिया। इस वैकल्पिक व्यवस्था से न केवल गर्मी में तालाब में पर्याप्त जल बना रहेगा, बल्कि तालाब के आसपास के कुएं भी रिचार्ज होते रहेंगे। इससे आगामी गर्मी के दिनों में नगरवासियों को पेयजल संकट से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।उल्लेखनीय है कि अमृत भारत योजना के तहत गांधी सागर से पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य प्रगति पर है। हालांकि उस योजना के पूर्ण होने में समय लगेगा, ऐसे में नगर परिषद ने जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह वैकल्पिक व्यवस्था लागू की है।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post