दिल्ली में नई सरकार के शपथग्रहण के बाद अब विभागों की बारी है. रेखा गुप्ता को भले ही सत्ता की चाभी मिल गई हो लेकिन वह शीला दीक्षित की राह पर चलेंगी या फिर अरविंद केजरीवाल की राह पर यह एक बड़ा सवाल है. रेखा के साथ छह मंत्रियों ने भी शपथ ली है.
दिल्ली को नया मुख्यमंत्री मिल गया है. 27 साल बाद प्रचंड बहुमत के साथ जीतकर सत्ता में लौटी बीजेपी ने रेखा गुप्ता को सीएम बनाया है. दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने रेखा गुप्ता को सीएम पद की शपथ दिलाई. रेखा के साथ छह मंत्रियों ने भी शपथ ली है. दिल्ली की रेखा सरकार में परवेश वर्मा, मनजिंदर सिंह सिरसा, आशीष सूद, पंकज सिंह, कपिल मिश्रा और रविंदर इंद्रराज सिंह को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है. वहीं, अब बारी मंत्रालय के विभागों के बंटवारे का है, जिस पर सभी निगाहें लगी हुई हैं.
ऐसे में सवाल उठता है कि दिल्ली के सत्ता की कमान भले ही रेखा गुप्ता को मिल गई है, लेकिन वह किसकी राह पर चलेंगी शीला दीक्षित या फिर अरविंद केजरीवाल. दिल्ली में 15 साल तक मुख्यमंत्री रही शीला दीक्षित ने अपने पास वित्त सहित तमाम मंत्रालय रखे थे, लेकिन अरविंद केजरीवाल ने एक दशक से ज्यादा समय तक सीएम रहते हुए किसी भी विभाग की जिम्मेदारी नहीं संभाली थी.
दिल्ली की 9वीं सीएम रेखा गुप्ता
दिल्ली के सियासी इतिहास में रेखा गुप्ता 9वीं मुख्यमंत्री बनी हैं. आजादी के बाद पहली बार दिल्ली में 1952 में विधानसभा चुनाव हुए तो कांग्रेस के चौधरी ब्रह्म प्रकाश यादव दिल्ली के पहले सीएम बने, लेकिन कांग्रेस ने बीच में उन्हें हटाकर गुरमुख निहाल सिंह को मुख्यमंत्री बनाया था. इसके बाद दिल्ली में विधानसभा खत्म कर दी गई थी, जिसे 1991 में बहाल किया गया. 1993 में दोबारा विधानसभा चुनाव हुए तो बीजेपी सत्ता में आई तो मदनलाल खुराना सीएम बने, लेकिन बीच कार्यकाल में उनसे इस्तीफा दिलाकर साहिब सिंह वर्मा सीएम बनाए गए.

Post a Comment