खबर का असर: फिल्मी गानों पर रील बनाना शिक्षिकाओं को पड़ा भारी, भवानीमंडी गर्ल्स स्कूल की 7 शिक्षिकाओं को 16 सीसी नोटिस, 2 को हटाया

भवानीमंडी । राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय भवानीमंडी की कुछ शिक्षिकाओं द्वारा विद्यालय परिसर में फिल्मी गानों पर रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करना अब विवाद का कारण बन गया है। मामला विभागीय अधिकारियों तक पहुंचने के बाद शिक्षा विभाग ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए सात शिक्षिकाओं को 16 सीसी नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। वहीं संविदा पर कार्यरत दो शिक्षिकाओं की सेवाएं भी समाप्त कर दी गई है। इस मामले को अतुल्य भारत न्यूज द्वारा भी प्रमुखता से उठाया था। जानकारी के अनुसार विद्यालय परिसर में शिक्षिकाओं द्वारा फिल्मी गीतों पर बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड किए गए थे। रील वायरल होने के बाद मामला शिक्षा विभाग के संज्ञान में आया। इसके बाद मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय भवानीमंडी की ओर से जांच कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी गई। सूत्रों के मुताबिक जांच में शिक्षिकाएं ज्योति, शीतल श्रीवास्तव, ममता, किरण सहित कुल सात शिक्षिकाओं की भूमिका सामने आई। विभाग ने इसे सेवा आचरण नियमों के विपरीत मानते हुए सातों को राजस्थान सिविल सेवा (CCA) नियमों के तहत 16 सीसी नोटिस जारी किए हैं। मामले में जयपुर स्तर से भी कार्रवाई की गई है। संविदा पर कार्यरत दो शिक्षिकाओं की सेवाएं समाप्त कर उन्हें पद से हटा दिया गया है। विभाग ने संबंधित शिक्षिकाओं को निर्धारित समयावधि में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। पूरे घटनाक्रम के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप की स्थिति है। हालांकि विभागीय अधिकारियों ने फिलहाल आधिकारिक टिप्पणी करने से बचते हुए कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post