वेतन से कट रही राशि, फिर भी नहीं मिल रहा इलाज का लाभ, RGHS कार्ड चालू नहीं होने से भवानीमंडी नगरपालिका के सफाई कर्मचारियों में रोष

दो दिन में समाधान नहीं तो सफाई कार्य बहिष्कार की चेतावनी

भवानीमंडी । नगरपालिका भवानीमण्डी के सफाई कर्मचारियों ने राजस्थान सरकार स्वास्थ्य जीवन योजना (RGHS) का लाभ नहीं मिलने पर नाराजगी जताई है। कर्मचारियों का आरोप है कि उनके वेतन से नवंबर 2025 में योजना की राशि काटकर जमा कर ली गई, लेकिन आज तक योजना का कार्ड चालू नहीं हुआ। इसके कारण कर्मचारियों को बीमारी और दुर्घटना की स्थिति में निजी खर्चे पर इलाज करवाना पड़ रहा है। इस संबंध में कर्मचारियों ने राजस्थान सफाई कर्मचारी एसोसिएशन के भवानीमंडी अध्यक्ष पंकज मिरोलिया के नेतृत्व में उपखंड अधिकारी एवं नगरपालिका प्रशासक को ज्ञापन सौंपकर दो दिन में समस्या का समाधान नहीं होने पर सफाई कार्य के बहिष्कार की चेतावनी दी है। कर्मचारियों के अनुसार हर वर्ष नियमानुसार उनके वेतन से RGHS योजना की राशि काटी जाती है। इस बार भी नवंबर 2025 में राशि काट ली गई, लेकिन योजना का लाभ शुरू नहीं हो पाया। कर्मचारियों का आरोप है कि पालिका प्रशासन द्वारा राशि जमा करने में देरी या लापरवाही के कारण योजना प्रभावी नहीं हो सकी। कर्मचारियों ने बताया कि नवंबर 2025 से मई 2026 के बीच कई कर्मचारियों को गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ा, लेकिन कार्ड सक्रिय नहीं होने से उन्हें निजी अस्पतालों में जेब से खर्च कर इलाज करवाना पड़ा। शुक्रवार को भी एक सफाई कर्मचारी के पैर की हड्डी टूटने पर उसे अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा, लेकिन RGHS सुविधा उपलब्ध नहीं होने से परिजनों को खुद खर्च उठाना पड़ा।ज्ञापन में कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि मामले को लेकर कई बार अधिशाषी अधिकारी से निवेदन किया गया, लेकिन केवल आश्वासन ही मिले। कर्मचारियों ने इसके लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की मांग की है। अरुण तंवर ने बताया कि सफाई कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिन के भीतर RGHS कार्ड चालू नहीं किए गए और जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे सफाई कार्य का बहिष्कार करने को मजबूर होंगे। कर्मचारियों ने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली व्यवस्था के लिए नगरपालिका प्रशासन जिम्मेदार होगा।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post