कोटा में 17 साल के NEET स्टूडेंट ने सुसाइड कर लिया। छात्र ने पहले पंखे से लटककर सुसाइड करने को कोशिश की लेकिन, इस पर हैंगिंग डिवाइस लगा था।
इसके बाद उसने जिम में उपयोग में आने वाली रोड से फंदा लगाकर जान दे दी। वह सुबह से कमरे से बाहर नहीं निकला था। ऐसे में संचालक को शक हुआ तो उसने पुलिस को सूचना दी।मामला कोटा के जवाहर नगर थाना इलाके का दोपहर 12:30 बजे का है।
सुबह से कमरे में बाहर नहीं था
थाने के CI राम लक्ष्मण ने बताया- बिहार के नालंदा के रहने वाले हर्षराज शंकर (17) ने अपने हॉस्टल के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। हॉस्टल संचालक ने बताया था कि वह सुबह से अपने कमरे से बाहर नहीं निकला था। इसके बाद कई बार उसे आवाज दी, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं आने पर पुलिस को फोन किया।
रॉड से लटका मिला
CI ने बताया कि इसके बाद मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर देखा तो छात्र कमरे में रॉड से लटकता मिला। इसके बाद छात्र को नीचे उतारा और हॉस्पिटल लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्र के परिजनों को सूचना कर दी गई है। उनके आने पर पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा।
पिछले साल ही आया था, NEET की तैयारी कर रहा था
सीआई राम लक्ष्मण ने बताया- कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। कमरे को सीज किया गया है। परिजन शिकायत देंगे तो कार्रवाई की जाएगी। स्टूडेंट पिछले साल अप्रैल के महीने में कोटा आया था और NEET की तैयारी कर रहा था। वह लगातार कोचिंग भी जा रहा था।
हैंगिंग डिवाइस लगा था, पंखा नीचे आया
जानकारी के अनुसार, स्टूडेंट जिस हॉस्टल में रहता था। उस हॉस्टल के कमरे में हैंगिंग डिवाइस लगा हुआ था। पहले छात्र ने पंखे से फांसी लगाने की कोशिश की थी। लेकिन, पंखा नीचे आ गया। इसके बाद जिम रॉड से छात्र ने फंदा लगाया है।

Post a Comment