12वीं का छात्र बना एक दिन का विधायक:जनसुनवाई में लोगों की समस्या सुनी, 1 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण किया

उज्जैन जिले के नागदा में 18 साल के एक छात्र को एक दिन का विधायक बनाया गया। इस दौरान उसने जनसुनवाई की। इसमें एक छात्रा की समस्या का समाधान किया, साथ ही एक करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाले कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण भी किया।

नायक फिल्म की तर्ज पर विधायक बने इस छात्र का नाम साहित्य श्री सेन है। उसने इस साल कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में प्रदेश की मैरिट लिस्ट में स्थान प्राप्त किया था, जिसके सम्मानस्वरूप उसे यह अवसर दिया गया।

12वीं की परीक्षा में बने 96.20%

नागदा के इस होनहार छात्र के 12वीं की परीक्षा में 96.20% बने थे। माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं परीक्षा में वह प्रदेश की मेरिट लिस्ट में 10वें स्थान पर रहा। उज्जैन जिले और नागदा में प्रथम स्थान पाने के बाद जब वह शुक्रवार को विधायक बना, तो उसके स्वागत में लोग पीछे-पीछे नजर आए। उसे पूरी तरह विधायक जैसा प्रोटोकॉल मिला।

जनसुनवाई में छात्रों और नागरिकों की समस्याएं सुलझाईं

सबसे पहले साहित्य ने नागदा के वर्तमान विधायक तेज बहादुर सिंह चौहान के कार्यालय में पहुंचकर जनसुनवाई की। इस दौरान पूजा नामक एक छात्रा ने अपनी समस्या रखी, जिसे साहित्य ने तत्काल बीआरसी को फोन कर समाधान करवाया। आधार कार्ड से जुड़ी कुछ अन्य शिकायतों को भी उसने निपटाया।

विकास कार्यो की शिलालेख पर दर्ज हुआ नाम

कार्यक्रम में साहित्य का स्वागत फूल-मालाओं के साथ एक विधायक की तरह किया गया। पीएम आवास योजना के मकान का लोकार्पण भी उसके द्वारा किया गया। उसके पिता देवेंद्र सेन और कई जनप्रतिनिधि इस अवसर पर उपस्थित थे। साहित्य का नाम इन विकास कार्यों के शिलालेख पर भी दर्ज किया गया।

साहित्य ने इस मौके पर कहा, "मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। पढ़ाई का महत्व समझ में आ रहा है। आज मैंने कुछ लोगों की समस्याएं हल की हैं और एक करोड़ से अधिक के कार्यों का लोकार्पण भी किया है।

विधायक बोले- अन्य छात्रों को भी मिलेगा मौका

नागदा विधायक तेज बहादुर सिंह चौहान ने बताया कि सीबीएसई या माध्यमिक शिक्षा मंडल से 10वीं और 12वीं में जिले का नाम रोशन करने वाले छात्रों को "एक दिन का विधायक" बनाया जाएगा। इस दौरान वे भूमि पूजन और लोकार्पण जैसे कार्य भी करेंगे।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post