सुवासरा।
सुवासरा विधानसभा क्षेत्र के असावती गांव में शनिवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब किसान बड़ी संख्या में पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक हरदीपसिंह डंग का घेराव करने पहुंच गए।
किसानों ने विधायक से शिकायत करते हुए कहा कि अतिवृष्टि और सोयाबीन में फैले पीला मौजक रोग के कारण उनकी पूरी फसल बर्बाद हो चुकी है। अब हालात ऐसे हैं कि परिवार का गुजारा करना भी मुश्किल हो गया है। किसानों ने मांग उठाई कि उन्हें तत्काल मुआवजा और बीमा राशि प्रदान की जाए। हरदीपसिंह डंग असावती गांव में नवरात्रि के पावन अवसर पर माता रानी की आरती करने पहुंचे थे। इस दौरान किसानों ने उन्हें घेरकर अपनी समस्याएं बताई। स्थिति को देखते हुए विधायक डंग ने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान जल्द होगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “दीपावली से पहले किसानों को मुआवजा दिलवाया जाएगा, चाहे इसके लिए मुझे सरकार के खिलाफ ही क्यों न जाना पड़े।”
किसानों ने आश्वासन मिलने के बाद राहत की सांस ली, हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि यदि वादे पूरे नहीं किए गए तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
Post a Comment