बूंदी (धानाओ)।
भारतीय पोटाश लिमिटेड (आईपीएल) जयपुर द्वारा ग्राम धानाओ स्थित ग्राम सेवा सहकारी समिति में किसान संगोष्ठी एवं ड्रोन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग के प्रति जागरूक करना और कृषि में ड्रोन के उपयोग को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम के अंतर्गत ड्रोन दीदी योजना के तहत धानाओ निवासी श्रीमती हेमलता गौर को ड्रोन सौंपा गया। यह पहल नैनो उर्वरकों और कीटनाशकों के छिड़काव को आसान और अधिक प्रभावी बनाने के लिए की गई है। भारतीय किसानों की सेवा में 1955 से कार्यरत भारतीय पोटाश लिमिटेड ने यह ड्रोन निःशुल्क प्रदान किया। यह कदम महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कृषि वैज्ञानिक डॉ. रामावतार और सहकारिता विभाग बूंदी से मोहन लाल उपस्थित रहे।
डॉ. रामावतार ने किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग, मृदा परीक्षण और फसलों में पोटाश की कमी की पहचान के तरीकों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने उर्वरक डालने की सही विधियों के बारे में भी बताया। वहीं, आईपीएल के सहायक प्रबंधक नितिन शर्मा ने कंपनी के उत्पादों और सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी।
सहकारिता विभाग के मोहन लाल ने किसानों को विभाग की विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं के लाभों से अवगत कराया। कार्यक्रम का संचालन और समन्वय अमित कुमार, क्षेत्रीय अधिकारी (आईपीएल) द्वारा किया गया। सहकारी समिति के अध्यक्ष केसरीलाल यादव ने सभी अतिथियों व किसानों का स्वागत कर आभार व्यक्त किया। इस संगोष्ठी में आसपास के क्षेत्रों से लगभग 145 किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
Post a Comment