भारत विकास परिषद के नेत्र शिविर में 87 की जांच, 22 को मिलेगी नई रोशनी, 13 वर्षों से जारी सेवा श्रृंखला का 136वां नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित

भवानीमंडी: भारत विकास परिषद, भवानीमंडी शाखा द्वारा रविवार को भारत विकास परिषद चिकित्सालय, कोटा के सहयोग से निशुल्क नेत्र जांच एवं शल्य चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 87 मरीजों की आंखों की जांच की गई, जिनमें से 22 मरीजों का चयन मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए किया गया। इन सभी मरीजों को कोटा स्थित भारत विकास परिषद चिकित्सालय भेजा गया, जहां उनका निशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा।

शिविर का शुभारंभ नेत्र चिकित्सक डॉ. नेहा जैन, प्रायोजक धर्मचंद गोटावाला एवं शाखा अध्यक्ष हेमराज शर्मा द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। नेत्रदान प्रभारी कमलेश गुप्ता दलाल ने बताया कि यह शिविर समाजसेवी धर्मचंद गोटावाला के सौजन्य से सीताराम अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव कमल सुरेका, प्रांतीय नेत्र चिकित्सा सह प्रभारी डी.के. गुप्ता, शाखा कोषाध्यक्ष प्रहलाद सिंह, नेत्र चिकित्सा प्रकल्प प्रभारी महेश शर्मा, उमाशंकर पोरवाल, गुरुभेज सिंह छाबड़ा, दामोदर शुक्ला, अमित गुप्ता सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। शिविर सहयोगी शाखा संरक्षक धर्मचंद गोटावाला का परिषद सदस्यों द्वारा माला पहनाकर एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मान किया गया।

कार्यक्रम संचालन कमलेश गुप्ता दलाल ने किया, जबकि आभार शाखा अध्यक्ष हेमराज शर्मा ने व्यक्त किया। नेत्र चिकित्सा शिविर प्रभारी महेश शर्मा, उमाशंकर पोरवाल एवं मनमोहन जायसवाल ने बताया कि यह नेत्र शिविर श्रृंखला का 136वां शिविर था। पिछले 13 वर्षों में 31,683 मरीजों की आंखों की जांच की जा चुकी है, जिनमें से 9,825 मरीजों के निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन हो चुके हैं।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post