चलती ट्रेन से आईफोन व पर्स चोरी, 4 मामले दर्ज, कोटा रेल मंडल में यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल..!

कोटा: कोटा रेल मंडल में यात्रियों की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। शुक्रवार और शनिवार को अलग-अलग ट्रेनों में चोरी की चार घटनाएं सामने आई हैं। पीड़ित यात्रियों ने मामलों की शिकायत आरपीएफ व जीआरपी में दर्ज करवाई है।

यात्री विशाल ने बताया कि वह टनकपुर–देहरादून ट्रेन (19019) के स्लीपर कोच में बांद्रा से हरिद्वार की यात्रा कर रहा था। इस दौरान शुक्रवार शाम करीब चार बजे झालावाड़ रोड और मोडक स्टेशनों के बीच उसका आईफोन चोरी हो गया। ट्रेन के कोटा पहुंचने पर उसने मोबाइल चोरी की शिकायत दर्ज कराई।

इसी तरह अजमेर–संतरागाछी स्पेशल (08612) के स्लीपर कोच में सफर कर रही यात्री रुकसाना का पर्स चोरी हो गया। शनिवार सुबह करीब छह बजे नींद खुलने पर सोगरिया स्टेशन पर उसे चोरी का पता चला। पर्स में आधार कार्ड, पैन कार्ड, आई-कार्ड और 2000 रुपए नकद सहित अन्य जरूरी सामान रखा हुआ था।

मेवाड़ एक्सप्रेस में पर्स चोरी

यात्री कुलदीप ने बताया कि वह उदयपुर–निजामुद्दीन मेवाड़ एक्सप्रेस (12964) के वातानुकूलित कोच में सफर कर रहा था। ट्रेन के कोटा पहुंचने पर उसका पर्स गायब मिला। पर्स में जरूरी दस्तावेज और करीब 2000 रुपए नकद थे। इस मामले की शिकायत कुलदीप ने गंगापुर में दर्ज करवाई।

वहीं, यात्री शेरखान ने बताया कि वह अंबेडकर नगर–नई दिल्ली ट्रेन (20155) में नागदा से बयाना तक यात्रा कर रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसका बैग चोरी हो गया। बैग में कपड़े, कंबल, चार्जर और दवाइयों सहित अन्य आवश्यक सामान रखा हुआ था। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से यात्रियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। यात्रियों ने ट्रेनों और स्टेशनों पर निगरानी बढ़ाने तथा गश्त सख्त करने की मांग की है।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post