भवानीमंडी: महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय रामठी में विशेष आवश्यकता वाले दिव्यांग बच्चों के लिए ब्लॉक स्तरीय द्वितीय एकदिवसीय पेरेंट्स काउंसिलिंग एवं फिजियोथैरेपी कैंप आयोजित किया गया। शिविर में बच्चों और अभिभावकों को चिकित्सकीय जांच से लेकर मनोवैज्ञानिक परामर्श, सरकारी योजनाओं की जानकारी और विशेष उपकरणों का वितरण किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सीबीईओ कल्याण मेघवाल, ब्लॉक संदर्भ व्यक्ति दिनेश बाथरा, डॉ. मनमोहन शर्मा, डॉ. सतीश चौधरी, जिला सलाहकार दीपेश चौरसिया और प्रधानाध्यापिका बृजेश भाटी की मौजूदगी में मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ हुई। शिविर के पहले चरण में सभी बच्चों का रजिस्ट्रेशन किया गया। सीबीईओ कल्याण मेघवाल ने दिव्यांग बच्चों के लिए चल रही सरकारी योजनाओं व लाभों की संक्षिप्त जानकारी दी। इसके बाद दिनेश बाथरा ने बच्चों को मिलने वाली नई योजनाओं और सुविधाओं के बारे में विस्तृत मार्गदर्शन दिया। डॉ. मनमोहन शर्मा ने अभिभावकों को समय–समय पर जागरूक रहने और उपलब्ध सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने की अपील की। उन्होंने ब्लॉक में संचालित संदर्भ कक्ष का उल्लेख कर बच्चों को उसकी सुविधाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। जिले से आए डॉ. सतीश चौधरी ने बच्चों की जांच कर साइकोलॉजिकल काउंसलिंग दी और जरूरत के अनुसार आगे उपचार व रेफरल के दिशा निर्देश दिए।
45 बच्चों को मिला लाभ
शिविर में 45 दिव्यांग बच्चे और उनके अभिभावक शामिल हुए। चयनित बच्चों को सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले लार्ज प्रिंट बुक,हियरिंग एड,एमआर किट, दिव्यांगता प्रमाण पत्र वितरित किए गए।कार्यक्रम को सफल बनाने में सीडब्ल्यूएसएन आरपी अरुण सिंह, हरविंदर सिंह, विशेष शिक्षक पंकज कुमार, सहयोगी सुनील राठौड़ और विद्यालय स्टाफ की भूमिका अहम रही।


Post a Comment