96 किलो 300 ग्राम अफीम डोडा चूरा, पिस्टल व वाहन जब्त, आरोपी फरार

मिश्रोली: अवैध मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना मिश्रोली की टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 96 किलो 300 ग्राम पिसा व बिना पिसा हुआ अफीम डोडा चूरा जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान तस्करी में प्रयुक्त दो कारें व एक ट्रैक्टर, एक पिस्टल मय दो जिंदा कारतूस, इलेक्ट्रॉनिक कांटा एवं कट्टों की सिलाई मशीन भी जब्त की गई है। हालांकि इस मामले में संलिप्त आरोपी गोरधन सिंह व शंभू सिंह मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश-पतारसी जारी है। जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि मिश्रोली पुलिस ने बीती 21 जनवरी को थाना क्षेत्र के ग्राम छान का खेड़ा में अवैध मादक पदार्थ तस्करी की प्राप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए गोरधन सिंह के खेत पर दबिश दी। मौके से भारी मात्रा में अफीम डोडा चूरा, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, कट्टों की सिलाई मशीन, एक कार मैग्नाइट (रजिस्ट्रेशन नंबर RJ19CP5899), एक बिना नंबर की हुंडई ऑरा कार, एक बिना नंबर का फार्म ट्रैक्टर, एक पिस्टल तथा दो जिंदा कारतूस जब्त किए गए। जांच में यह भी सामने आया कि तस्करी में प्रयुक्त वाहनों में फर्जी नंबर प्लेटें लगाई गई थी। कार मैग्नाइट में आगे-पीछे अलग-अलग नंबर प्लेटें (RJ20CL3698, RJ01CF0297, RJ01CF3469) लगी मिली, वही हुंडई ऑरा कार से भी विभिन्न नंबर प्लेटें (RJ14TF9849, RJ20CK5610, RJ19CP0208, MP04ZF2385) बरामद की गईं।

यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा के निर्देशन तथा वृताधिकारी भवानीमंडी प्रेमकुमार आरपीएस के सुपरविजन में थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले में आगे की जांच जारी है।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post