भवानीमंडी: राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देशानुसार प्रदेशभर में चलाए जा रहे “मनरेगा बचाओ संग्राम” के तहत ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रोड़ सिंह परमार ने पगारिया मंडल में कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों की बैठक ली। बैठक में परमार ने केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा में किए गए बदलावों पर कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि इनसे सीधे-सीधे गरीब परिवारों पर रोजगार का संकट बढ़ेगा। परमार ने बताया कि पूर्व में मनरेगा के तहत प्रत्येक परिवार को न्यूनतम 100 दिन के रोजगार की कानूनी गारंटी मिलती थी और हर गांव में काम उपलब्ध कराना अनिवार्य था, लेकिन हालिया बदलावों से यह व्यवस्था कमजोर हुई है। उन्होंने कहा कि इन बदलावों से राज्य सरकार पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ेगा, वहीं ग्राम पंचायतों की शक्तियां ठेकेदारों को सौंपे जाने से पारदर्शिता और ग्रामीण हितों को नुकसान पहुंचेगा। बैठक में मौजूद ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर मनरेगा में किए गए बदलावों को वापस लेने की मांग उठाई। इस संबंध में केंद्र सरकार को ज्ञापन भेजने हेतु ग्रामीणों ने हस्ताक्षर भी किए। वक्ताओं ने कहा कि मनरेगा में बदलाव को लेकर किसानों और मजदूर वर्ग में भारी रोष है।
इस अवसर पर कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के अंतर्गत मिश्रोली मंडल एवं पगारिया मंडल के नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। बैठक में आवर मंडल अध्यक्ष संजय जैन, पगारिया एससी मंडल अध्यक्ष कालूराम वर्मा, मिश्रोली एससी मंडल अध्यक्ष राहुल मेहर, नगर अध्यक्ष महेन्द्र बसेर, जीएसएस अध्यक्ष सरदार सिंह, जिला चिकित्सा प्रकोष्ठ के डॉ. चैन सिंह, आवर नगर अध्यक्ष मतिउल्ला ख़ान, ब्लॉक सचिव इसराइल मंसूरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि व सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

.jpeg)
Post a Comment