बसंत पंचमी पर मेगा पीटीएम व पंचायत स्तरीय निपुण मेला आयोजित

भीलवाड़ी: बसंत पंचमी के पावन अवसर पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, भीलवाड़ी में मेगा अभिभावक-शिक्षक बैठक (मेगा पीटीएम) एवं पंचायत स्तरीय निपुण मेले का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की वंदना के साथ हुआ, जिससे विद्यालय परिसर में ज्ञान, श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बन गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य रमेश चंद भील ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास तभी संभव है जब विद्यालय, शिक्षक एवं अभिभावक आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों और नैतिक मूल्यों को भी जीवन में उतारने की आवश्यकता पर बल दिया। मेगा पीटीएम की प्रभारी वरिष्ठ अध्यापिका बेबी बानो रहीं। इस दौरान व्याख्याता गिरिराज स्वामी, व्याख्याता नवीन सामरिया एवं वरिष्ठ अध्यापक गिरिराज गुप्ता ने भी अभिभावकों को संबोधित करते हुए विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई, अनुशासन एवं सक्रिय सहभागिता पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया। मंच संचालन व्याख्याता लेखराज शुक्ला ने किया।पीटीएम के दौरान अभिभावकों ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति से जुड़े अपने सुझाव साझा किए, जिन्हें विद्यालय प्रशासन द्वारा सकारात्मक रूप से स्वीकार किया गया। बसंत पंचमी के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों के लिए कृष्ण भोग का आयोजन भी किया गया। इसी अवसर पर पंचायत स्तरीय निपुण मेले का शुभारंभ व्याख्याता सुनीता कुमारी द्वारा किया गया। सहायक वरिष्ठ अध्यापिका मीना गोचर का सहयोग रहा। मेले में पंचायत क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने शिक्षण विषयों से संबंधित आकर्षक चार्ट एवं मॉडल प्रस्तुत किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर पुरस्कृत किया गया।कार्यक्रम की सफलता में शाला परिवार के समस्त सदस्यों का सक्रिय सहयोग रहा। संपूर्ण आयोजन शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post