बकरी चोरी प्रकरण में फरार आरोपी गिरफ्तार, अब तक चार आरोपी पकड़े गए

भवानीमंडी: बकरी चोरी की एक वारदात में फरार चल रहे आरोपी मोहित हुसैन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस प्रकरण में अब तक कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि चोरी की वारदात से संबंधित करीब 34 हजार रु का माल बरामद किया जा चुका है। जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि जिले में चोरी की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सभी थानाधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत थाना स्तर पर टीमों का गठन कर आपराधिक प्रवृत्ति के बदमाशों को चिन्हित कर उनकी धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस थाना भवानीमंडी द्वारा एक विशेष टीम गठित की गई।

उन्होंने बताया कि गठित टीम ने बकरी चोरी की वारदात में फरार चल रहे आरोपी मोहित हुसैन को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। दिनांक 1 दिसंबर 2025 को बालचंद पुत्र पुरालाल मेहर (56), निवासी गंगपुरा का खेड़ा, थाना भवानीमंडी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 26 नवंबर 2025 को उनकी पत्नी बकरियां चराने गई थीं। उसी दौरान गांव के श्याम सिंह की बकरियां भी वहीं चर रही थीं। तभी एक सफेद रंग की कार में सवार 3-4 लोग मौके पर पहुंचे और अवसर पाकर उनकी छह बकरियां चुरा कर ले गए। जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक झालावाड़ भागचंद मीणा के निर्देशन तथा वृत्ताधिकारी भवानीमंडी प्रेमकुमार आरपीएस के सुपरविजन में थाना प्रभारी प्रमोद कुमार (पुलिस निरीक्षक) के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी एवं मनोवैज्ञानिक आधार पर जांच करते हुए वारदात में संलिप्त आरोपियों का पता लगाया और फरार आरोपी मोहित हुसैन को गिरफ्तार किया। पुलिस पूर्व में इस मामले में संलिप्त अन्य आरोपी दिनेश, जितुलाल एवं समीर को गिरफ्तार कर चुकी है। साथ ही वारदात में प्रयुक्त सफेद रंग की ब्रेजा कार को भी जब्त किया जा चुका है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post