पगारिया की डेयरी में भारी अनियमितताएं
संयुक्त दल ने पगारिया स्थित कान्हा दूध डेयरी के बीएमसी पर छापा मारा, जहां कई गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं। जांच में सामने आया कि डेयरी के पास बीएमसी संचालन के लिए कोई वैध खाद्य अनुज्ञा पत्र नहीं था। लगभग 5000 लीटर क्षमता की टंकी में करीब 250 लीटर दूध मिला, जिसकी मोबाइल फूड टेस्टिंग लैबोरेट्री से मौके पर ही जांच कराई गई। जांच में दूध अवमानक पाया गया।निरीक्षण के दौरान टीम ने करीब 15 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर, 12 लीटर रिफाइंड सोयाबीन तेल, 3 किलो सोडियम बाइकार्बोनेट तथा चार खाली तेल के टिन बरामद किए। प्रथम दृष्टया स्पष्ट हुआ कि दूध में स्किम्ड मिल्क पाउडर व रिफाइंड सोयाबीन तेल मिलाकर कृत्रिम तरीके से गाढ़ापन बढ़ाया जा रहा था, जबकि शेल्फ लाइफ बढ़ाने के लिए सोडियम बाइकार्बोनेट का उपयोग किया जा रहा था।
नमूने भेजे कोटा प्रयोगशाला
बरामद सभी खाद्य पदार्थों के नमूने खाद्य सुरक्षा मानक प्रयोगशाला, कोटा भेजे जा रहे हैं। वैध अनुज्ञा पत्र नहीं मिलने तथा प्रथम दृष्टया मिलावट पाए जाने पर स्किम्ड मिल्क पाउडर, रिफाइंड तेल, सोडियम बाइकार्बोनेट, लगभग 250 लीटर मिश्रित दूध एवं बीएमसी को मौके पर ही सीज कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी जी.एस. गुर्जर, भूराराम गोदारा, आशीष रावत, मुकेश गोचर, कंप्यूटर ऑपरेटर दिलीप कुमार भील तथा पुलिस बल के जवान मौजूद रहे।

Post a Comment