पुष्पमालाओं के बीच भावुक विदाई, नन्हे कदमों को मिली नई उड़ान की शुभकामनाएं

ताल: शासकीय प्राथमिक विद्यालय खेड़ा माल्या में अध्ययनरत विद्यार्थियों को समारोह पूर्वक विदाई दी गई। कार्यक्रम में बच्चों को पुष्पमालाएं पहनाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। वातावरण भावनाओं से भरा रहा, जहां एक ओर बच्चों की आंखों में नई कक्षा का उत्साह था, वहीं शिक्षकों के चेहरे पर स्नेह और गर्व झलक रहा था। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में भेरूलाल चोहान (प्राचार्य, हायर सेकंडरी माधोपुर), रमेशचंद्र पोरवाल (प्रधानाध्यापक, माल्या ताल) एवं गोपाल शर्मा (प्रधानाध्यापक, अमरपुरा) उपस्थित रहे। 

कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा मां सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से हुई, जिसने समारोह को गरिमामय बना दिया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए जीवन में अनुशासन, परिश्रम और संस्कारों को अपनाने की सीख दी। इस अवसर पर भेरूलाल चोहान और रमेशचंद्र पोरवाल ने उत्तीर्ण छात्रों का उत्साहवर्धन करने हेतु नगद प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। विद्यालय के प्रधानाध्यापक राधेश्याम श्रीवास्तव ने भी विद्यार्थियों के प्रति अपना स्नेह व्यक्त करते हुए घोषणा की कि उत्तीर्ण होने वाले सभी छात्रों के आगे के कोर्स हेतु आवश्यक पुस्तकों का व्यय वे स्वयं वहन करेंगे। उनकी इस घोषणा पर उपस्थित अभिभावकों ने तालियों से स्वागत किया।


कार्यक्रम में शिक्षक रामचन्द्र मालवीय, नागु सिंह डोडिया सहित अन्य शिक्षक व पालकगण मौजूद रहे। स्वागत भाषण गोर्धन लाल वर्मा ने दिया, संचालन प्रधानाध्यापक राधेश्याम श्रीवास्तव ने किया तथा आभार भंवर सिंह सोलंकी ने व्यक्त किया। समारोह ने विद्यालय परिवार में नई ऊर्जा का संचार किया और विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post