कांग्रेस की रीढ़ है एससी वर्ग, संगठन विस्तार से मिलेगी मजबूती: गुर्जर

झालावाड़: जिला कांग्रेस कार्यालय झालावाड़ में मंगलवार को कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक के मुख्य अतिथि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह गुर्जर रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि प्रदेश महामंत्री एवं झालावाड़ प्रभारी दिनेश खटीक तथा प्रदेश सचिव पारस वर्मा उपस्थित रहे।
बैठक की अध्यक्षता एससी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष हेमंत बैरवा एडवोकेट ने की। मंच संचालन जिला प्रवक्ता दिनेशचंद मेघवाल एडवोकेट ने किया। बैठक के दौरान कांग्रेस एससी प्रकोष्ठ की नवगठित जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।

मुख्य अतिथि वीरेंद्र सिंह गुर्जर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की रीढ़ अनुसूचित जाति वर्ग रहा है और पार्टी को मजबूती देने में एससी समाज का योगदान ऐतिहासिक रहा है। विशिष्ट अतिथि दिनेश खटीक ने कहा कि एससी समाज समय-समय पर कांग्रेस के साथ मजबूती से जुड़कर पार्टी की नीतियों व सिद्धांतों के अनुरूप संगठन को आगे बढ़ाने का कार्य करता आया है।

प्रदेश सचिव पारस वर्मा ने संगठन विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि गांव-गांव जाकर आमजन को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ना होगा, तभी संगठन और अधिक सशक्त बन सकेगा।

अध्यक्षीय उद्बोधन में एससी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष हेमंत बैरवा ने कहा कि राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी का वे पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे। आने वाले समय में पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करना उनका प्रमुख लक्ष्य रहेगा। इसके लिए ब्लॉक अध्यक्षों को शीघ्र अपनी-अपनी कार्यकारिणी गठित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष रघुराज सिंह हाड़ा, भवानीमंडी ब्लॉक अध्यक्ष रोडसिंह परमार, डग ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र सिंह कचनारा, झालरापाटन विधानसभा प्रत्याशी रामलाल चौहान, मनोहरथान विधानसभा प्रत्याशी नेमीचंद मीणा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। यह जानकारी एससी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष हेमंत बैरवा ने दी।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post