पौत्र के विवाह में सेवा की मिसाल: अन्न क्षेत्र सेवा संस्थान को 5 लाख 1 हजार की भेंट

भैसोदामंडी ।  विवाह समारोह में आमतौर पर लाखों-करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं, लेकिन यदि उसका एक अंश भी समाजसेवा और परोपकार के लिए समर्पित कर दिया जाए तो यह समाज के लिए प्रेरणादायक बन जाता है। नगर के एक समाजसेवी परिवार ने अपने पौत्र के विवाह में ऐसी ही अनूठी पहल कर मिसाल पेश की है। समाजसेवी जगन्नाथ गुप्ता के पौत्र गौरव गुप्ता के विवाह पर परिवार की ओर से अन्न क्षेत्र सेवा संस्थान को भवन निर्माण के लिए 5 लाख 1 हजार रुपये का सहयोग प्रदान किया गया। इस पहल की पूरे नगर में सराहना की जा रही है। संस्थान के अध्यक्ष गोविंद गुप्ता ने बताया कि विवाह समारोह के दौरान परिवार के मुरलीमनोहर गुप्ता, प्रेमचंद गुप्ता, पुरुषोत्तम गुप्ता सहित अन्य सदस्यों ने सभी समाजजनों के सामने यह सहयोग राशि भेंट की। राशि को समारोह में उपस्थित संस्थान अध्यक्ष गोविंद गुप्ता, छगनलाल जैन, बल्लभदास गुप्ता, कैलाश गुप्ता (कंपाउंडर), कमलेश गुप्ता दलाल और अमित गुप्ता ने प्राप्त किया।

संस्थान के संरक्षक कालूलाल सालेचा और नंदकिशोर सोनी के अनुसार वर्ष 1975 में साधुराम खत्री और सेठ मथुरालाल गुप्ता ने असहाय और जरूरतमंद लोगों की भूख मिटाने के उद्देश्य से अन्न क्षेत्र सेवा संस्थान की स्थापना की थी। तब से पिछले 51 वर्षों से प्रतिदिन गरीब और असहाय लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

अध्यक्ष गोविंद गुप्ता और सचिव बल्लभदास गुप्ता ने बताया कि लाभार्थियों की संख्या बढ़ने से वर्तमान भवन में जगह की कमी महसूस होने लगी थी। इसी कारण जनसहयोग से पास का मकान खरीदकर संस्थान भवन का विस्तार किया जा रहा है। संस्थान केवल भोजन ही नहीं, बल्कि जरूरतमंदों को वस्त्र, गर्म कपड़े, कंबल, चरण पादुका तथा गरीब विद्यार्थियों को स्कूल ड्रेस भी उपलब्ध कराता है। साथ ही पिछले 13 वर्षों से प्रतिदिन सरकारी चिकित्सालय में आने वाले मरीजों के लिए अस्पताल पहुंचकर निःशुल्क भोजन की व्यवस्था भी की जा रही है। यह जानकारी कमलेश गुप्ता दलाल ने दी।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post