दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में भाजपा कार्यकर्ताओं को मिला संगठनात्मक पाठ


आलोट। भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत जोगणिया माता मंडल द्वारा बरखेड़ा कलां में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। शिविर में बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। प्रशिक्षण की शुरुआत वर्ग गीत, माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। प्रथम दिवस में वैचारिक अधिष्ठान, बूथ प्रबंधन, सोशल मीडिया और संगठन की कार्यपद्धति जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला महामंत्री महेश सोनी ने वैचारिक आधार पर प्रकाश डाला, जबकि संभाग प्रभारी हरिराम शाह ने बूथ प्रबंधन के गुर सिखाए। विधानसभा संयोजक नंदनराज जैन ने नमो ऐप और सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग पर मार्गदर्शन दिया। पूर्व जिलाध्यक्ष नानालाल अटोलिया ने संगठन की कार्यप्रणाली को विस्तार से समझाया।

द्वितीय दिवस की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ हुई। जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने पार्टी के इतिहास और विकास यात्रा पर सारगर्भित उद्बोधन दिया। विधायक डॉ. चिंतामणी मालवीय ने कार्य विस्तार पर जोर दिया। पूर्व जिलाध्यक्ष बजरंग पुरोहित ने केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। संभाग प्रभारी हरिराम शाह ने अंतिम सत्र में कार्यकर्ताओं की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए संगठन को मजबूत बनाने पर बल दिया। शिविर में बीएलए, विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, सरपंच एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। समापन अवसर पर सहभोज और आभार प्रदर्शन के साथ शिविर का सफल समापन हुआ। सभी वक्ताओं ने नरेंद्र मोदी और मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post