नगर परिषद अध्यक्ष मुकेश परमार ने कहा कि सम्मेलन में आकर उन्हें शिक्षकों की समस्याओं की जानकारी मिली है और इन्हें उचित मंच पर उठाकर समाधान कराया जाएगा। उन्होंने भी टेट परीक्षा को अनुचित बताया। जनपद उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह परिहार ने शिक्षकों को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। कर्मचारी नेता शरद शुक्ला, प्रकाश शुक्ला एवं सुनील गौड़ ने शिक्षकों से संगठित होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया। साथ ही 18 मार्च को रतलाम में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। सम्मेलन में स्वागत भाषण पूर्व बीएसी जितेंद्र सिंह सोलंकी ने दिया, जबकि संयुक्त मोर्चा अध्यक्ष आनंद चावला ने शिक्षकों की समस्याओं को विस्तार से रखा। कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य विनोद शर्मा ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में सहभोज का आयोजन हुआ एवं आभार प्रदर्शन बालेश्वर पाटीदार ने किया।
आलोट। विकासखंड आलोट में रविवार को राम सिंह दरबार प्रांगण में शिक्षक समागम सम्मेलन का आयोजन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। सम्मेलन में बड़ी संख्या में शिक्षकों ने भाग लेकर अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत आलोट के अध्यक्ष प्रतिनिधि कालू सिंह परिहार थे, जबकि अध्यक्षता नगर परिषद ताल के अध्यक्ष मुकेश परमार ने की। विशेष अतिथियों में जनपद उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह परिहार, मार्केटिंग सोसायटी अध्यक्ष हरपाल सिंह सोलंकी, संकुल केंद्र ताल के प्राचार्य प्रमोद भट्ट, मध्यप्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष शरद शुक्ला, आजाद अध्यापक संघ के संभाग अध्यक्ष प्रकाश शुक्ला एवं रतलाम जिलाध्यक्ष सुनील गौड़ शामिल रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन एवं वंदना से हुई, जिसे श्रीमती रमा जोशी ने प्रस्तुत किया। अतिथियों का साफा बांधकर एवं पुष्पमालाओं से स्वागत कर स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।मुख्य अतिथि कालू सिंह परिहार ने शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। उन्होंने टेट परीक्षा को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि 20-25 वर्षों की सेवा के बाद शिक्षकों से पुनः परीक्षा लेना उचित नहीं है। साथ ही उन्होंने विकासखंड शिक्षा कार्यालय में रिक्त आहरण एवं संवितरण अधिकारी के पद को शीघ्र भरने की बात कही।
Post a Comment