पॉलिटेक्निक कॉलेज खोलने की मांग, सौंपा ज्ञापन


चौमहला। नगर में भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति के जिलाध्यक्ष अंशुल पटेल के नेतृत्व में किसानों ने राजस्थान सरकार के शिक्षा मंत्री के नाम उपखंड अधिकारी गंगाधार को ज्ञापन सौंपकर चौमहला क्षेत्र में सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज खोलने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि पूरे झालावाड़ जिले में वर्तमान में मात्र एक ही सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थित है, जो जिला मुख्यालय पर है। चौमहला से झालावाड़ की दूरी लगभग 120 किलोमीटर होने के कारण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इससे समय के साथ-साथ आर्थिक बोझ भी बढ़ता है, जिसका सीधा असर उनकी पढ़ाई पर पड़ रहा है। अंशुल पटेल ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी छात्र-छात्राएं पास में सरकारी तकनीकी शिक्षण संस्थान नहीं होने के कारण कई बार बीच में ही पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हो जाते हैं। किसानों ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि क्षेत्र के विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए चौमहला में शीघ्र ही सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज की स्थापना की जाए, ताकि उन्हें बेहतर तकनीकी शिक्षा का अवसर मिल सके।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post