चौमहला। चैत्र नवरात्रि की रामनवमी के अवसर पर नगर के स्थानीय गायत्री शक्तिपीठ में पारंपरिक हवन का आयोजन श्रद्धा और विधि-विधान से किया गया। सुबह आठ बजे शुरू हुआ हवन दोपहर करीब 12 बजे पूर्णाहुति के साथ संपन्न हुआ। इसके बाद प्रसाद स्वरूप भंडारे का आयोजन प्रारंभ हुआ, जो शाम तक निरंतर चलता रहा। गायत्री शक्तिपीठ में यह आयोजन वर्षों से सतत रूप से होता आ रहा है। गायत्री परिवार से जुड़े श्रद्धालु तन, मन और यथाशक्ति धन से सहयोग कर इस परंपरा को निभा रहे हैं। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया। संस्था के प्रमुख सदस्य गोविंदराम अग्रवाल ने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन वर्ष 1988 से लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। मां गायत्री के आशीर्वाद से सभी कार्य निर्विघ्न संपन्न होते हैं और कभी किसी प्रकार की बाधा या संसाधनों की कमी नहीं आती। उन्होंने बताया कि मां गायत्री को वेदों की जननी तथा ब्रह्मा, विष्णु और महेश की देवमाता माना गया है। इसी कारण श्रद्धालुओं की गहरी आस्था जुड़ी हुई है और हर वर्ष आयोजन में उत्साह बना रहता है।
रामनवमी पर गायत्री शक्तिपीठ में हवन-पूर्णाहुति, दिनभर चला भंडारा
Atulya Bharat News
-
0
Post a Comment