भैसोदामंडी: भैसोदा तालाब के पास मालीपुरा रोड पर लगाए गए पेड़-पौधे और ट्री गार्ड के लगातार गायब होने का मामला सामने आया है। वार्ड 9 के पार्षद मनोहर सैनी ने इस संबंध में भैसोदामंडी पुलिस चौकी में हस्तलिखित शिकायत दी है। पार्षद ने बताया कि वे पिछले दो वर्षों से इस मार्ग पर लगातार वृक्षारोपण कर रहे हैं। अब तक सड़क के दोनों ओर करीब 150 पौधे लगाए जा चुके। पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड भी लगाए, जिनमें कुछ सहयोग नगर परिषद से मिला, जबकि अधिकांश कार्य उन्होंने स्वयं के खर्च पर कराया।
चित्र -पार्षद ने इस तरह लगा रखे है पौधे
उन्होंने बताया कि अब तक करीब 1 लाख रुपए खर्च कर चुका। एक पौधा ट्री गार्ड सहित लगाने में करीब 700 रुपए तक खर्च आता है। इसमें जालीदार ट्री गार्ड पर ही लगभग 500 रुपए खर्च होते हैं, जबकि पौधा 100 से 150 रु तक खरीदते हैं। वे प्रतिदिन सुबह पौधों को पानी देकर उनकी देखभाल भी करते हैं। इसके बावजूद हाल ही में कई स्थानों से पौधे और ट्री गार्ड गायब हो गए। पार्षद ने आशंका जताई है कि यह किसी की राजनीतिक साजिश के तहत किया जा रहा है। उन्होंने कुछ स्थानीय राजनीतिक लोगों की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। यह वृक्षारोपण प्रधानमंत्री के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से प्रेरित होकर किया गया था।


Post a Comment