भवानीमंडी । अमित कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अवैध मादक पदार्थ तस्करी विरोधी अभियान के तहत भवानीमंडी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16 ग्राम स्मैक, 198 ग्राम संदिग्ध पदार्थ तथा तस्करी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें जब्त की है। मामले में एक आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम 20 मई को गश्त और संदिग्ध गतिविधियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस चौकी पिपलिया के सामने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को दो मोटरसाइकिलों सहित रोका और तलाशी ली तो उनके कब्जे से 16 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक और 198 ग्राम संदिग्ध पदार्थ बरामद हुआ। इसके बाद तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। तस्करी में उपयोग की जा रही दोनों मोटरसाइकिलों को भी जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में महावीर मीणा निवासी गुदरावणी जिला बारां, राहुल मेवाड़ा निवासी चाचोरनी थाना कामखेड़ा जिला झालावाड़ तथा राकेश कुमार मीणा निवासी झामरिया जिला बारां शामिल हैं।
एक आरोपी फरार
पुलिस ने मामले में बीरम लोधा निवासी पाटलीखेड़ा थाना घाटोली को फरार आरोपी बताया है, जिसकी तलाश की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा एवं वृत्ताधिकारी मनोज कुमार के सुपरविजन में की गई।

Post a Comment