भवानीमंडी । एसपी अमित कुमार के निर्देशन में भवानीमंडी पुलिस ने ऑटो चालकों से अवैध वसूली और मारपीट करने वाले हिस्ट्रीशीटर बाचू उर्फ रुस्तम को गिरफ्तार किया है। आरोपी थाना भवानीमंडी का ‘ए’ श्रेणी का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ पहले से 13 गंभीर प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी ऑटो चालकों से जबरन रुपए मांगता था। रुपए नहीं देने पर उन्हें ऑटो चलाने से रोकने और मारपीट करने की धमकी देता था। मामले में पीड़ित ऑटो चालक मोहसीन अली ने थाना भवानीमंडी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी मोहसीन अली निवासी वसुंधरा विहार कॉलोनी ने बताया कि 19 मई की सुबह वह ऑटो लेकर रेलवे स्टेशन पहुंचा था। वहां बाचू उर्फ रुस्तम अपने साथियों के साथ मिला। आरोपियों ने उससे कहा कि भवानीमंडी में ऑटो चलाना है तो खर्चा देना पड़ेगा। मोहसीन ने रुपए नहीं होने की बात कही तो आरोपियों ने उसके साथ लात- घूंसों, थप्पड़ों और बेल्ट से मारपीट कर दी। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने दबिश देकर पकड़ा
एसपी अमित कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा के निर्देशन तथा वृत्ताधिकारी मनोज कुमार सोनी के सुपरविजन में थाना प्रभारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने दबिश देकर मुख्य आरोपी बाचू उर्फ रुस्तम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से ऑटो चालकों से अवैध वसूली कर रहा था और विरोध करने वालों के साथ मारपीट करता था। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Post a Comment