झालावाड़ | रामगंजमंडी में सोमवार देर रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद में चाकूबाजी की घटना सामने आई है। इस खूनी संघर्ष में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें झालावाड़ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह घटना रामगंजमंडी के यादव मोहल्ले में हुई। जानकारी के अनुसार विशाल यादव उर्फ कान्हा और मनीष का इमरान गौरी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। शुरुआती झगड़े को मौके पर मौजूद लोगों ने शांत करा दिया था, लेकिन देर रात दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए।
देखते ही देखते यह विवाद मारपीट और खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में इमरान गौरी घायल हो गया, जबकि विशाल यादव की पीठ पर चाकू लगने से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। तीसरे युवक मनीष पर फावड़े से हमला किया गया, जिससे वह भी घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को रामगंजमंडी अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें झालावाड़ जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए रामगंजमंडी पुलिस ने यादव मोहल्ले में पुलिस बल तैनात कर दिया है। अस्पताल पुलिस चौकी ने भी संबंधित थाना पुलिस को मामले की सूचना भेज दी है।
रामगंजमंडी के डीएसपी घनश्याम मीना ने बताया कि यह विवाद पानी के छींटे लगने जैसी मामूली कहासुनी से शुरू हुआ था। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि फिलहाल क्षेत्र में शांति बनी हुई है और पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
Post a Comment