झालावाड़ | गवर्नमेंट पीजी कॉलेज में स्पेनिश भाषा का सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किया जाएगा। यह कोर्स आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा, राजस्थान और इंग्लिश एंड फॉरेन लैंग्वेज यूनिवर्सिटी (EFLU) के संयुक्त तत्वावधान में विदेशी भाषा संचार कौशल योजना के तहत संचालित होगा।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार स्पेनिश विश्व की दूसरी सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषा है। यह 20 से अधिक देशों में रोजगार, व्यापार और अंतरराष्ट्रीय संवाद की प्रमुख भाषा है। इस कोर्स के जरिए छात्रों को सीईएफआर ए1 स्तर की भाषा दक्षता प्रदान की जाएगी।
इस कोर्स की लाइव ऑनलाइन कक्षाएं हैदराबाद के विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा संचालित की जाएंगी। यह 160 घंटे का प्रशिक्षण कार्यक्रम है, जिसमें भाषा कौशल, संवाद क्षमता और अंतरराष्ट्रीय व्यावसायिक दक्षता विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। छात्र घर बैठे इस प्रशिक्षण का लाभ उठा सकेंगे।
इस कोर्स के लिए सरकारी और निजी कॉलेजों के नियमित और पूर्व (पासआउट) स्नातक एवं स्नातकोत्तर छात्र आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के राजस्थान निवासी, जिन्होंने नियमित माध्यम से 12वीं कक्षा उत्तीर्ण की है, वे भी सीट उपलब्धता के आधार पर प्रवेश ले सकेंगे।
शुल्क संरचना के अनुसार सरकारी कॉलेजों के छात्रों के लिए 1000 रुपए और अन्य छात्रों के लिए 2000 रुपए निर्धारित किए गए हैं। शुल्क का भुगतान कॉलेज के कक्ष क्रमांक 4 में नकद जमा किया जा सकता है। कॉलेज प्रशासन ने सूचित किया है कि सीटें सीमित हैं और प्रवेश 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर दिया जाएगा।

Post a Comment