भवानीमण्डी । राज्य सरकार के निर्देशानुसार नगरपालिका भवानीमण्डी द्वारा शुक्रवार को शहरी सेवा शिविर-2026 का शुभारंभ करते हुए कार्यालय परिसर में वार्ड संख्या 1, 2, 3 एवं 4 के लिए विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में पहले ही दिन विभिन्न योजनाओं और नागरिक सुविधाओं से संबंधित बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए तथा कई प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। नगरपालिका अधिशाषी अधिकारी मनीष मीणा ने बताया कि 12 जून से 15 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाले इस शिविर के दौरान पट्टे, नामांतरण, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, भवन निर्माण स्वीकृति, नल कनेक्शन, सफाई व्यवस्था सहित विभिन्न जनहित कार्यों का त्वरित समाधान किया जाएगा। कनिष्ठ अभियंता देवमित्र कानूनगो ने बताया कि शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं आमजन की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए वार्डवार कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके तहत पम्पलेट वितरण, मुनादी एवं जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। पालिका कर्मचारी भी वार्डों में जाकर समस्याओं का सर्वे कर रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को शिविर का लाभ मिल सके। शिविर के प्रथम दिन पट्टों के 3, लीज नामांतरण के 9, जन्म प्रमाण पत्र के 9, विद्युत अनापत्ति का 1, भवन निर्माण के 2, नल कनेक्शन एवं कनेक्शन ट्रांसफर के 4, झूलते विद्युत तार एवं मीटर संबंधी समस्याओं के 3, रोड लाइट खराब होने की 4 शिकायतें तथा पीएम स्वनिधि का 1 आवेदन प्राप्त हुआ।पालिका प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए निर्माण स्वीकृति का 1, नामांतरण के 6, उपविभाजन का 1, आवास योजना का 1 तथा पीएम स्वनिधि का 1 आवेदन उसी दिन निस्तारित कर आमजन को राहत प्रदान की। शिविर में भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रदीप जैन, पूर्व पालिकाध्यक्ष रामलाल गुर्जर, पूर्व पार्षद महेन्द्र सिंह परिहार, राकेश पारेता, पुरुषोत्तम योगी, ललित कुमावत, नितिन जैन, विकास योगी, मोहम्मद मोहसिन, रामेश्वर मकवाना सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।इस दौरान सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग, चिकित्सा विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, विद्युत विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, राजस्व विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, आयोजना विभाग तथा राजस्थान जन आधार प्राधिकरण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने आमजन से आवेदन प्राप्त कर कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया।
शहरी सेवा शिविर 2026 का शुभारंभ, पहले दिन ही पहुंचे दर्जनों आवेदन
Atulya Bharat News
-
0

Post a Comment