गरोठ में मोहर्रम को लेकर शांति समिति की बैठक: हथियारों के प्रदर्शन पर रोक

गरोठ । आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर पर्व को आपसी भाईचारे के साथ मनाने का संकल्प लिया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसडीओपी विजय कुमार यादव ने मोहर्रम कमेटी को स्पष्ट निर्देश दिए कि जुलूस के दौरान धारदार हथियारों का प्रदर्शन नहीं किया जाए तथा पारंपरिक अखाड़ों में अनुशासन बनाए रखा जाए। उन्होंने कहा कि त्योहारों की गरिमा बनाए रखना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है और किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहना चाहिए।

उन्होंने बताया कि मोहर्रम के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएंगे। जुलूस मार्गों पर पुलिस की निगरानी बढ़ाई जाएगी और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात रहेगा। नायब तहसीलदार रघुनाथ माचार ने संबंधित विभागों को समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। नगर परिषद को साफ- सफाई, प्रकाश व्यवस्था और नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए कहा गया, जबकि बिजली विभाग को जुलूस मार्गों की विद्युत लाइनों की जांच कर निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान नगर के नागरिकों ने बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग भी उठाई। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि पर्व के दौरान किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने की प्रभावी व्यवस्था रहेगी। बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों, समाजजनों और समिति सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाते हुए मोहर्रम पर्व को शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाने का संकल्प दोहराया।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post