झालावाड़ । जिले की ऐतिहासिक एवं धार्मिक धरोहर चंद्रभागा नदी के संरक्षण और स्वच्छता को लेकर पूर्व सदस्य जन अभाव अभियोग निराकरण समिति राजस्थान सरकार राजेश गुप्ता करावन ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर नदी को सरकारी संरक्षण योजनाओं में शामिल करने की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि चंद्रभागा नदी न केवल झालावाड़ जिले की पहचान है, बल्कि हजारों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र भी है। वर्तमान में नदी में बढ़ते प्रदूषण, प्लास्टिक कचरे और गंदगी के कारण इसकी स्थिति चिंताजनक होती जा रही है, जिससे नदी की पवित्रता और प्राकृतिक स्वरूप प्रभावित हो रहा है। राजेश गुप्ता ने बताया कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा नदियों के संरक्षण और स्वच्छता के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनमें नमामि गंगे योजना प्रमुख है। हालांकि अब तक चंद्रभागा नदी को ऐसी किसी महत्वपूर्ण योजना में शामिल नहीं किया गया है। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि चंद्रभागा नदी को नमामि गंगे योजना अथवा अन्य सरकारी नदी संरक्षण एवं स्वच्छता योजनाओं में शामिल किया जाए, ताकि नदी का संरक्षण हो सके और इसकी ऐतिहासिक एवं धार्मिक विरासत को सुरक्षित रखा जा सके। साथ ही प्रशासन से नदी की नियमित सफाई, घाटों के सौंदर्यीकरण तथा आसपास स्वच्छता अभियान चलाने की भी मांग की गई है। उनका कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम उठाए जाने से आने वाली पीढ़ियां भी चंद्रभागा नदी की पवित्रता और सुंदरता का अनुभव कर सकेंगी।
चंद्रभागा नदी को नमामि गंगे योजना में शामिल करने की मांग, कोंग्रेस नेता राजेश गुप्ता ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
Atulya Bharat News
-
0

Post a Comment