कुदरत के कहर ने छीनी रोजी-रोटी, दीवार गिरने से ऑटो चकनाचूर, अब प्रशासन से राहत की आस

भैसोदामंडी । बीते सोमवार को आए तेज आंधी-तूफान ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। कई स्थानों पर मकानों को नुकसान पहुंचा। भैसोदामंडी में जैन मांगलिक भवन की दीवार से सटे एक मकान पर दीवार ढह गई, जिससे वहां खड़ा ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। 

हालांकि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नही हुई। पीड़ित ऑटो चालक अनीस ने बताया कि उसके परिवार में पत्नी और एक छोटी बेटी है तथा ऑटो चलाकर ही वह परिवार का पालन-पोषण करता है। अचानक गिरी दीवार ने उसकी आजीविका का एकमात्र साधन छीन लिया। उन्होंने प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। वहीं मांगलिक भवन प्रबंधन की ओर से भी पीड़ित को यथासंभव आर्थिक सहयोग देने का आश्वासन दिया गया है।

इधर, भैसोदामंडी पुलिस चौकी के पास रहने वाले राजू तिवारी के मकान का अट्टा भी तेज आंधी के दौरान ढह गया। इससे मकान को नुकसान पहुंचा और परिवार के सामने परेशानी खड़ी हो गई। पीड़ित ने प्रशासन से तत्काल राहत और आर्थिक सहायता देने की मांग की है। भैसोदा के पटवारी अरुण पाटीदार ने बताया कि नुकसान का मौका निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की जा रही है। रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी तथा प्रभावित परिवारों को नियमानुसार हरसंभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post