CLG मीटिंग में छाया ट्रैफिक-डीजे का मुद्दा, आखिर में डिप्टी गोदारा ने पूछा- "नशे पर कोई क्यों नहीं बोला?"

भवानीमंडी । गुरुवार को नगर के थाना परिसर में आयोजित सीएलजी बैठक में एक बार फिर ट्रैफिक जाम, नो-एंट्री में घुसते लोडिंग वाहन, तेज आवाज में डीजे और सड़कों पर लगने वाली सब्जी की दुकानों जैसे पुराने मुद्दे छाए रहे। लेकिन बैठक के आखिर में नवागत डिप्टी सत्यनारायण गोदारा का एक सवाल चर्चा का विषय बन गया। उन्होंने कहा, पूरी बैठक में किसी ने नशे के बारे में कुछ नहीं कहा। इस पर मौजूद लोगों ने जवाब दिया कि जिले में एसपी अमित कुमार के आने के बाद नशे के खिलाफ पुलिस ने जिस तरह अभियान चलाया है, उससे नशा तस्करों पर प्रभावी अंकुश लगा है। कई लोगों ने कहा कि ऐसा अभियान पहले कभी देखने को नहीं मिला। थाना परिसर में आयोजित बैठक निर्धारित समय से करीब 20 मिनट देरी से शुरू हुई और देर शाम 8 बजे तक चली। व्यापारियों और सीएलजी सदस्यों ने शहर की विभिन्न समस्याओं को पुलिस प्रशासन के सामने रखा।

पार्किंग पर बोले- जगह बताइए, समाधान करेंगे

शहर में पार्किंग की समस्या उठने पर डिप्टी गोदारा ने व्यापारियों से ही उपयुक्त स्थान सुझाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि अधिकांश शहरों की बसावट पुरानी है, इसलिए यातायात और पार्किंग जैसी समस्याएं सामने आती हैं। सभी के सहयोग से ही स्थायी समाधान संभव है।

परिंदे भी बचाने हैं और तीर भी मारने हैं

पटाखे जैसी आवाज निकालने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर और बुलेट मोटरसाइकिलों पर कार्रवाई के सवाल पर डिप्टी गोदारा ने कहा, "हमें परिंदे भी बचाने हैं और तीर भी मारने हैं।" उन्होंने कहा कि पुलिस कार्रवाई से पहले समाज की भी जिम्मेदारी है। यदि कोई युवक ऐसा करता है तो मोहल्ले और परिवार के लोग पहले उसे समझाएं। सुधार की शुरुआत समाज से ही होनी चाहिए।

बैठक में साइबर अपराधों को लेकर व्यापारियों को जागरूक किया गया। डिप्टी गोदारा ने ऑनलाइन ठगी से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने की सलाह दी।

बैठक के दौरान ग्राम रक्षक, पुलिस मित्र, सुरक्षा सखियां, व्यापारियों, सीएलजी सदस्यों और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कैलाश बोहरा ने नवागत डिप्टी का माला पहनाकर स्वागत किया।

नशे की पुड़िया बिकने के हॉट स्पॉट पर सवाल..!

एक तरफ पुलिस लगातार नशे के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, वहीं दूसरी ओर शहर के कुछ इलाकों में चोरी-छिपे नशे की पुड़िया बिकने की चर्चाएं अब भी जारी हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार भीमनगर, दस खोली, पचपहाड़ बाबा चौराहा क्षेत्र, अंबे माता मंदिर के आसपास, हाई स्कूल क्षेत्र, कंगलीपुरा रोड और बस स्टैंड के आसपास संदिग्ध गतिविधियां देखने को मिलती हैं। लोगों का कहना है कि चलते-फिरते या बातचीत के बहाने नशे की पुड़िया बेचे जाने की बाते समय-समय पर सामने आती रही हैं।

सूत्रों की मानें तो नवागत डिप्टी सत्यनारायण गोदारा को जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान को और प्रभावी बनाने की जिम्मेदारी के साथ महत्वपूर्ण भूमिका में यहां पदस्थ किया गया है।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post