शामगढ़ । मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा के मार्गदर्शन में कोटा मंडल द्वारा रेल राजस्व की सुरक्षा तथा अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष टिकट जांच अभियान निरंतर संचालित किए जा रहे हैं। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि इसी क्रम में शामगढ़ स्टेशन पर प्रातः 8:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक विशेष 'किलाबंदी' टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व मुख्य वाणिज्य निरीक्षक राजेश मीणा, मुख्य टिकट निरीक्षक राजमल शर्मा एवं बी.डी. रजक ने किया। अभियान में छह टिकट चेकिंग स्टाफ तथा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के तीन जवानों ने सहभागिता की। इस दौरान स्टेशन के निकास मार्गों की घेराबंदी कर यात्रियों के टिकटों की सघन जांच की गई। अभियान के दौरान आठ ट्रेनों के यात्रियों के टिकटों की जांच की गई, जिसमें 25 यात्री बिना टिकट यात्रा करते पाए गए। उनसे किराया एवं जुर्माना मिलाकर कुल ₹18,710 वसूले गए। इसके अतिरिक्त दो अनधिकृत वेंडरों पर ₹4,000 तथा रेलवे ट्रैक पार करने वाले यात्रियों पर आरपीएफ द्वारा ₹1,500 का जुर्माना लगाया गया। उन्होंने बताया कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य केवल बिना टिकट यात्रा पर अंकुश लगाना ही नहीं था, बल्कि 20 जून 2026 से लागू जन विश्वास (संशोधन उपबंध) अधिनियम, 2026 के अंतर्गत रेलवे अधिनियम में किए गए संशोधित प्रावधानों के प्रति यात्रियों को जागरूक करना भी था। अभियान के दौरान यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने, रेलवे नियमों का पालन करने तथा संशोधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने यात्रियों से अपील की कि वे सदैव वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें। प्रतीक्षा सूची (वेटिंग) ई-टिकट एवं प्लेटफॉर्म टिकट पर यात्रा अनुमन्य नहीं है। यात्री रेलवे की अधिकृत टिकट बुकिंग प्रणाली अथवा यूटीएस मोबाइल ऐप के माध्यम से भी टिकट बुक कर सकते हैं।

Post a Comment