भैसोदामंडी । नगर के बस स्टैंड स्थित सुलभ शौचालय का लोहे का मुख्य दरवाजा दूसरी बार टूट जाने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। खास बात यह है कि शौचालय का दरवाजा उद्घाटन से पहले भी टूट गया था, जिसे ठीक कराया गया था। अब लोकार्पण के कुछ ही दिनों बाद दोबारा दरवाजा टूट जाने से लोगों में नाराजगी है। नगर परिषद ने करीब आधा करोड़ रुपये की लागत से कस्बे में आधा दर्जन से अधिक सुविधाघरों का निर्माण कराया है। वर्षों तक निर्माण पूरा होने के बावजूद इनका लोकार्पण हाल ही में क्षेत्रीय विधायक चन्दर सिंह सिसोदिया के हाथों कराया गया था। इन निर्माण कार्यों की गारंटी अवधि भी अब कुछ ही समय शेष है। ऐसे में उद्घाटन के तुरंत बाद ही दरवाजे के दोबारा टूटने से निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। नगर परिषद द्वारा इन सुविधाघरों के रखरखाव के लिए प्रतिमाह हजारों रुपये खर्च कर कर्मचारी भी लगाए गए हैं। इसके बावजूद सार्वजनिक सुविधा केंद्र में इस तरह की टूट-फूट होने से रखरखाव व्यवस्था पर भी प्रश्नचिह्न लग रहे हैं। स्थानीय लोगों ने दोषी ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गुणवत्ता की जांच कराने और गारंटी अवधि में ही आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की है।
क्या बोले अधिकारी
नगर परिषद भैसोदामंडी के सीएमओ चुन्नीलाल ने कहा, "दिखवाते लेते हैं।"

Post a Comment