सैनिक भाइयों के नाम भेजी 500 राखियां, बहनों ने बढ़ाया हौसला

भवानीमंडी । रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में भारत विकास परिषद मीरा शाखा की ओर से बीते शनिवार को ‘राखी से रक्षा अभियान-एक राखी सैनिक भाई के नाम’ अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के तहत शाखा की बहनों ने देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों के लिए राखियां भेजने का संकल्प लिया।

शाखा की मीडिया प्रभारी रीना ओदीच्य ने बताया कि अभियान के तहत नगर के पोस्ट ऑफिस पहुंचकर सैनिक भाई राजवीर सिंह राजपूत, जो चाइना बॉर्डर पर तैनात हैं, का तिलक लगाकर, आरती उतारकर एवं मिठाई खिलाकर राखी बांधी गई। इस दौरान बहनों ने सैनिकों के प्रति सम्मान और स्नेह व्यक्त किया। शाखा अध्यक्ष मालती अग्रवाल ने कहा कि देश की सीमाओं पर तैनात वीर जवान अपने परिवार से दूर रहकर देशवासियों की रक्षा कर रहे हैं। ऐसे में बहनों का भी दायित्व है कि वे रक्षा सूत्र के माध्यम से सैनिक भाइयों तक अपना स्नेह और अपनत्व पहुंचाएं। उन्होंने बताया कि शाखा की ओर से 500 राखियां बुक कराकर वीर जवानों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि ‘एक राखी सैनिक भाई के नाम’ अभियान वीर जवानों के अदम्य साहस, समर्पण और राष्ट्रसेवा को नमन है। बहनों की ओर से भेजी गई प्रत्येक राखी सीमा पर तैनात सैनिक के लिए अपनों के प्यार और अपनत्व का संदेश बनेगी। इस अवसर पर संरक्षक मंजू भारतीय, अध्यक्ष मालती अग्रवाल, कोषाध्यक्ष राजेश बिरला, सह सचिव गरिमा जैन, शिखा मारवाड़ी, मनीषा शर्मा, रजनी तिवारी, गायत्री सेठिया, आशा परवानी, लीना जायसवाल, इसीका आहूजा, कविता आहूजा, सोनी माधवानी, बृजेश शर्मा सहित शाखा की महिला सदस्य मौजूद रहीं।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post