पपीता के पेड़ काटने वाले आरोपी की गिरफ्तारी की मांग, भवानीमंडी में डीएसपी ऑफिस पर धरना

भवानीमंडी | गुराडिया जोगा में किसान आयुष पाटीदार के खेत से करीब 3 हजार पपीते के पेड़ काटने के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर किसानों का धरना दूसरे दिन भी जारी है। किसान नेता लक्ष्मण सिंह लुनाखेड़ा के नेतृत्व में दर्जनों किसान भवानीमंडी डीवाईएसपी कार्यालय पर डटे हुए हैं। धरने में बंटी हाड़ा, हेमंत शर्मा और पीड़ित किसान आयुष पाटीदार सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद हैं।

बोले-किसान को हुआ आर्थिक नुकसान

किसानों ने आरोप लगाया है कि बड़ी संख्या में पपीते के पेड़ काटे जाने से किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने मामले में शामिल आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है और चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं होने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।

आरोपियों की गिरफ्तारी पर अड़े किसान

धरने से पहले प्रशासनिक अधिकारियों और किसानों के बीच दो से तीन बार वार्ता हुई थी। अधिकारियों ने किसानों से समझाइश कर धरना समाप्त करने का आग्रह किया था, लेकिन किसान आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। वार्ता के बाद भी अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है, जिसके कारण किसान डीवाईएसपी कार्यालय भवानीमंडी परिसर में दो दिनों से धरने पर बैठे हैं। इस दौरान अभी तक एक भी प्रशासनिक अधिकारी किसानों से वार्ता करने नहीं पहुंचा है।

आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी

किसान नेता लक्ष्मण सिंह लुनाखेड़ा ने कहा कि जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में जिले में कानून-व्यवस्था को बेहतर बताया जा रहा है, लेकिन पपीते के पेड़ काटने के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी में हो रही देरी इस छवि पर सवाल खड़े कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।

ये रहे मौजूद

धरनास्थल पर पुलिस उपाधीक्षक सत्यनारायण गोदारा, भवानीमंडी थानाधिकारी प्रमोद कुमार और मिश्रोली थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह पुलिस जाप्ते के साथ मौजूद रहे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post