बदमाश ने खुद को मारी गोली, 26 जनवरी को दुकानदार पर की थी फायरिंग, पुलिस पकड़ने पहुंची तो कर लिया सुसाइड

 

कोटा में 26 जनवरी को दुकानदार पर फायरिंग करने वाले आरोपी ने खुद को गोली मार ली। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने उसके मकान पर पहुंची थी। पुलिस से घिरा देखकर उसने खुद को गोली मारकर जान दे दी।

आरोपी ने अपने 3 साथियों के साथ मिलकर एक दुकानदार पर फायरिंग की थी। आरोपी और उसके साथियों का कार में सिगरेट नहीं देने पर दुकानदार से विवाद हो गया था। मामले में पुलिस ने एक आरोपी रजनीश पोटर (27) को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि तीन फरार चल रहे थे। मामला बोरखेड़ा थाना इलाके की श्रीनाथपुरम कॉलोनी का है।


मकान में खुद को गोली मारी; डीएसपी लोकेंद्र पालीवाल ने बताया- 26 जनवरी को सिगरेट को लेकर हुए विवाद के बाद फायरिंग करने वाले 4 आरोपियों में से रुद्र उर्फ आरडीएक्स (26) निवासी प्रेमपुरा, इटावा भी एक था। कई दिनों से महावीर नगर थाना पुलिस फायरिंग के आरोपियों की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही थी।

पुलिस ने रविवार को लोकेशन ट्रेस कर नीलकंठ अपार्टमेंट के पास श्रीनाथपुरम कॉलोनी के एक मकान की घेराबंदी की। एक टीम रुद्र के मकान तक पहुंची, लेकिन बदमाश ने गेट नहीं खोला। खुद को पुलिस से घिरा देख उसने अवैध पिस्टल से गोली मारकर सुसाइड कर लिया।

दुकानदार पर की थी फायरिंग; दुकानदार रणजीत सिंह ने महावीर नगर थाने में रिपोर्ट दी थी। उन्होंने बताया कि 26 जनवरी की रात 10.30 बजे जीएडी सर्किल पर स्थित मेरी चाय की दुकान पर स्विफ्ट कार में 5 व्यक्ति आए थे। उन्होंने कार के अंदर बैठे-बैठे ही मुझसे सिगरेट मांगी। मैंने उनको सिगरेट नहीं दी तो उन लोगों ने मेरे और मेरे भाई पवन सिंह हाड़ा के साथ मारपीट की।

दुकानदार ने बताया- एक युवक ने जान से मारने की नीयत से हम पर फायरिंग कर दी और कार लेकर फरार हो गए। मेरे भाई पवन सिंह हाड़ा के हार्ट के पास सीने पर गोली लगी। मैंने भाई को मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया, जहां पर उसका इलाज चल रहा है।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post