Jaipur में कुत्तों से बचा तो कुएं में गिरा युवक; रातभर बेहोश पड़ा रहा


जयपुर में कुत्तों के झुंड से बचने के चक्कर में युवक 50 फीट गहरे कुएं में जा गिरा। चोट लगने से बेहोश हो गया। करीब 12 घंटे बाद होश आने पर परिवार से मोबाइल पर मदद मांगी और कहा- "हैलो... मैं कुएं से बोल रहा हूं, मुझे बचा लो।"

इधर, शनिवार रात 9 बजे तक जब युवक घर नहीं पहुंचा तो परिवार ने खोजबीन शुरू कर दी थी। 150 से ज्यादा लोग पूरी रात टॉर्च लेकर गांव और आसपास का इलाका छानते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला था।

रविवार सुबह फोन कॉल के बाद युवक को रेस्क्यू कर निकाला गया। घायल अवस्था में उसे प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। यह घटना भोजपुरा गांव में घटी।

शौच जाने के लिए घर निकला था पुलिस ने बताया- कुएं में गिरने से जमवारामगढ़ तहसील के भोजपुरा गांव निवासी सुरज्ञान गुर्जर (25) घायल हो गया। घटनाक्रम के मुताबिक, शनिवार शाम वह घर से शौच जाने के लिए निकला था। इस दौरान कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। कुत्तों से बचने के लिए वह दौड़ते हुए घर से 300 मीटर दूर बने बिना मुंडेर के कुएं में जा गिरा।

पूरी रात ग्रामीण ढूंढते रहे करीब 50 फीट गहरे कुएं में गिरने से चोटिल होने के कारण बेहोश हो गया। रात करीब 9 बजे तक वापस घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसको ढूंढना शुरू किया। परिजनों सहित करीब 150 ग्रामीण उसकी तलाश में पूरे गांव व आस-पास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया। टॉर्च लेकर पूरी रात ग्रामीण उसको ढूंढते रहे। काफी तलाश के बाद भी सुरज्ञान का पता नहीं चल सका।

होश आने पर किया कॉल रविवार सुबह करीब 7:30 बजे सुरज्ञान को होश आया। घायल हालत में उसने अपने घरवालों को कॉल किया। फोन कर कहा- हैलो... मैं कुएं से बोल रहा हूं, मुझे बचा लो। सुरज्ञान के बताने पर ग्रामीणों को लेकर परिजन कुएं पर पहुंचे। करीब एक घंटे की मशक्कत कर घायल सुरज्ञान को रस्सी की मदद से कुएं से बाहर निकाला। पैर टूटने के चलते उसे प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया।

सुरक्षा समिति को दिया नोटिस जमवारामगढ़ के तहसीलदार दिनेशचंद ने बताया- खातेदारी भूमि में कुओं को नहीं ढकवाने के मामले में लापरवाही बरतने वाली पंचायत स्तर की सुरक्षा समिति को एसडीएम ने नोटिस जारी किया है। जो खातेदार प्रशासन के आदेशों की अवहेलना कर रहे हैं, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post