मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार मोहनलाल अपनी फिल्म 'एल2: एम्पुरान' से बॉक्स ऑफिस पर धमाका करने वाले हैं. फिल्म को लेकर जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है. बेंगलुरु के एक कॉलेज ने तो इसकी रिलीज वाले दिन छुट्टी का ऐलान किया है और अपने स्टूडेंट्स को फ्री में मूवी टिकट भी दिए हैं.
कॉलेज के एमडी मोहनलाल के जबरा फैन
बताया जा रहा है कि बेंगलुरु के गुड शेफर्ड कॉलेज के एमडी तोजो जॉन मोहनलाल के बहुत बड़े फैन हैं. उन्होंने अपने पसंदीदा कलाकार के प्रति अपना दिल खोलकर रख दिया और कालेज के स्टूडेंट्स को एक बड़ा तोहफा दिया. कॉलेज ने अपने एक बयान में लिखा था, ”लाइट्स, कैमरा, हॉलिडे! जब फैंस और जुनून एक साथ आते हैं तो इतिहास बन जाता है. हमारे एमडी, जो ललेटन (मोहनलाल को प्यार से ललेटन कहा जाता है) के एक डेडिकेटेड फैन हैं उन्होंने मोहनलाल के टैलेंट और पृथ्वीराज सुकुमारन (एल2: एम्पुरान के डायरेक्टर) के विजन को सम्मान देने के लिए एक स्पेशल स्क्रीनिंग का आयोजन किया है. ये एक घटना है, न कि सिर्फ एक फिल्म.”
स्टूडेंट्स को दिए फ्री टिकट
कॉलेज ने न सिर्फ बच्चों को 27 मार्च को छुट्टी दी है, बल्कि वो फिल्म का लुत्फ ले सकें इसके लिए उन्हें फ्री में टिकट भी बुक करके दिए गए हैं. स्टूडेंट्स 27 मार्च को बेंगलुरु में वाईजीआर मॉल, राजराजेश्वरी नगर और मूवीटाइम सिनेमा में सुबह सात बजे का शो देख सकते हैं.
एडवांस बुकिंग से कमा लिए 60 करोड़
रिलीज से पहले ही मोहनलाल की फिल्म ने बड़ा धमाका कर दिया है. इसने एडवांस बुकिंग से 60 करोड़ रूपये कमा लिए हैं. मेकर्स ने एक वीडियो शेयर करते हुए बताया, ”एल2: एम्पुरान की एडवांस बिक्री से दुनियाभर में 60+ करोड़ की कमाई. 27 मार्च से सिनेमाघरों में.”

Post a Comment