5055 दिन पहले ऐसा क्या हुआ था, जो अब एक बार फिर से होने वाला है? इंग्लैंड में जब पहला टेस्ट मैच खेलने उतरेगी टीम इंडिया तो उसमें दुनिया को क्या नजर आने वाला है? जानिए यहां
5055 दिन पहले यानी 18 अगस्त 2011 को
सबसे पहले तो ये जान लीजिए 5055 दिन पहले हुआ क्या था? भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर थी. ओवल के मैदान पर सीरीज का चौथा टेस्ट खेला जा रहा था, जिसकी शुरुआत 18 अगस्त 2011 से हुई थी. वो आखिरी ऐसा टेस्ट मैच था जिसकी प्लेइंग इलेवन में टीम इंडिया के अंदर ना तो रोहित थे, ना ही विराट और ना ही अश्विन. भारत ने उन तीनों खिलाड़ियों के बिना ही वो टेस्ट खेला था, जिसे इंग्लैंड ने पारी और 8 रन से जीता था.
5055 दिन बाद यानी 20 जून 2025 को
अब 14 साल बाद यानी 2025 में फिर से वैसा ही नजारा दिखने जा रहा है. टीम इंडिया इस बार भी इंग्लैंड के दौरे पर होगी, जहां वो जैसे ही 20 जून 2025 को पहला टेस्ट खेलने हेडिंग्ले के मैदान पर उतरेगी, 5055 दिन पहले वाला नजाका आंखों के सामने होगा. क्योंकि, इस बार फिर टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में ना तो रोहित होंगे, ना विराट और ना अश्विन. भारत के इन तीनों खिलाड़ियों ने अब टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है.
डेब्यू भी एक टीम के खिलाफ और संन्यास भी
रोहित-विराट और अश्विन के बीच अब कुछ बातें कॉमन हैं. पहली ये कि इन तीनों ही खिलाड़ियों ने अपना टेस्ट डेब्यू वेस्टइंडीज के खिलाफ किया था. और इन तीनों ही खिलाड़ियों ने संन्यास से पहले अपना आखिरी टेस्ट ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला. इन तीनों ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में अपना आखिरी मैच खेला.

Post a Comment