इंदौर के राजेन्द्र नगर क्षेत्र में एक प्रेमी युगल ने गुरुवार रात जहर खा लिया। उन्हें इलाज के लिए रात में एमवाय अस्पताल लाया गया, जहां लड़की की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं, युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद भंवरकुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
युवक के भाई का दावा- शादी को लेकर था विवाद
भंवरकुआ पुलिस के मुताबिक, मृतक आयुषी (20) जो तेजपुर गड़बड़ी की रहने वाली थी, और उसके प्रेमी कपिल (25) को इलाज के लिए उनके रिश्तेदार एमवाय अस्पताल लेकर गए थे। कपिल के भाई राहुल ने बताया कि रात करीब 10 बजे कपिल ने फोन किया और कहा कि आयुषी उसके साथ है और वे दोनों उससे मिलना चाहते हैं। जब वे दोनों राहुल के पास आए, तो कपिल ने बताया कि उन्होंने जहर खा लिया है। पहले राहुल ने उनकी बात पर विश्वास नहीं किया और आयुषी के परिवार से बात करने को कहा।
आयुषी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया
कपिल और आयुषी ऑटो रिक्शा से चले गए, लेकिन बाद में राहुल ने दूसरी ऑटो रिक्शा से उनका पीछा करते हुए देवगुराड़िया के पास उन्हें रोका। उस वक्त दोनों की तबीयत बिगड़ रही थी, उन्हें एमवाय अस्पताल लाया गया। अस्पताल में आयुषी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि कपिल की हालत नाजुक होने के कारण उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है।
अस्पताल में परिवार और युवक के बीच हुआ विवाद
आयुषी की मौत की सूचना मिलते ही उनके परिवार वाले अस्पताल पहुंचे। वहां स्ट्रेचर पर पड़े कपिल के साथ झूमाझटकी हुई, जिसे अस्पताल के स्टाफ ने बीच-बचाव कर अलग कर दिया। इसके बाद आयुषी के परिजन उसका मोबाइल लेकर वहां से चले गए।
शादी को लेकर परिवार ने मांगे थे 3 लाख रुपए
कपिल के भाई राहुल ने बताया कि कपिल ऑटो रिक्शा चलाता है और दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन आयुषी की मां इस बात से सहमत नहीं थी। शादी को लेकर अक्सर आयुषी के साथ मारपीट होती थी। गुरुवार को भी विवाद के बाद आयुषी घर से निकलकर कपिल के पास आ गई थी। राहुल के अनुसार, आयुषी के परिवार ने शादी के लिए 3 लाख रुपए की मांग की थी, जिसे कपिल और आयुषी पूरा नहीं कर सके। भंवरकुआ थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Post a Comment