बेख़ौफ़ खनन माफ़िया: झालावाड़ में पत्रकारों के बाद अब वन विभाग की टीम पर हमला, पकड़ा हुवा ट्रैक्टर छुड़ाकर ले गए हमलावर

रणजीत मेघवाल | झालावाड़: वन क्षेत्र में खनन करने वाले माफिया किस कदर बेखौफ हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने पहले पत्रकारों की टीम पर हमला किया और जब वन विभाग कार्रवाई करने लगा, तो वन कर्मियों को भी हमला करके घायल कर दिया।

घटना झालावाड़ वन रेंज के कल मंडी गांव की है, जहां वन विभाग की टीम ने वन क्षेत्र से आते हुए एक ट्रैक्टर को पकड़ा तो लगभग दो दर्जन लोगों ने लाठियां और सरियों से वन विभाग की टीम पर हमला कर दिया। क्षेत्रीय वन अधिकारी दीपक सिंह ने बताया कि हमलावर अचानक आए और वन कर्मियों पर ताबड़तोड़ वार करके ट्रैक्टर को छुड़ा ले गए। ट्रैक्टर किसी बाबू नामक व्यक्ति का बताया गया है। जो अवैध खनन में लिप्त है। क्षेत्रीय वन अधिकारी ने बताया कि हमले में असिस्टेंट फॉरेस्टर सुरेंद्र सिंह शक्तावत सहित वनरक्षक महेश कुमार, रोहित महला,हरवेन्द्र चौधरी और शिव सिंह शेखावत घायल हुए हैं। हालांकि पूरे हंगामे के बीच वन विभाग की टीम ने एक हमलावर को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि शेष फरार हो गए।

घायल वन कर्मियों का झालावाड़ चिकित्सालय में उपचार किया जा रहा है तथा वन विभाग की तरफ से हमलावरों के विरुद्ध झालावाड़ सदर थाने में मामला दर्ज करवाया गया है। सदर थाना पुलिस सरगर्मी से आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। वहीं, वन विभाग द्वारा मौके पर से दो पिकअप भी जप्त की गई हैं जिन्हें वन कर्मियों ने अपने कब्जे में लेकर वन विभाग कार्यालय में खड़ा करवाया गया है।

जानकारी के लिए आपको बता दे कि कुछ दिनों पूर्व इसी वन क्षेत्र में अवैध खनन की खबर कवर करने गई पत्रकारों की टीम पर भी अवैध खनन कर्ताओं द्वारा हमला किया गया था। जिसमें पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अवैध खानन के समाचारों के प्रसारण के बाद वन विभाग की टीम अब लगातार कार्रवाई में जुटी है। जिसके चलते वनकर्मियों पर अवैध खनन कर्ताओं द्वारा इस वारदात को अंजाम दिया गया।


0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post