कोटा में पीपल्दा तहसील के डडवाड़ा गांव में बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। खेत में भिंडी का चारा काटने गई 27 वर्षीय कविता बाई को जहरीले सांप ने काट लिया। देर रात इलाज के लिए कोटा ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मृतका के पति महेंद्र ने बताया कि वह मजदूरी पर गया था और उसकी पत्नी सुबह 10 बजे खेत पर चारा काटने गई थी। शाम 6 बजे घर लौटने के बाद वह सामान्य रूप से घरेलू काम करती रही। रात 9 बजे खाना खाने के बाद उसने हाथ में खुजली की शिकायत की। जब देखा गया तो दाहिने हाथ पर सांप के काटने के निशान मिले।
परिजन तुरंत उसे पास के थानक पर धोक लगवाने ले गए। हालत बिगड़ने पर इटावा अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने कोटा रेफर कर दिया। रात करीब 2 बजे एम्बुलेंस में कोटा ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।इटावा थाना ASI रामावतार ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
Post a Comment