राजस्थान में प्री-मानसून की बारिश शुरू:जैसलमेर-बाड़मेर के कई ​इलाकों में सुबह बरसात

राजस्थान में आज (शनिवार) से प्री-मानसून की बारिश का दौर शुरू हो गया। जोधपुर संभाग में सुबह से आसमान में बादल छाए और कई जगहों पर हल्की बारिश हुई। लोगों को तेज गर्मी और उमस से थोड़ी राहत मिली।

शनिवार सुबह जैसलमेर, बाड़मेर, जालोर, सिरोही, पाली, चित्तौड़गढ़, राजसमंद में बादल छाए और हल्की हवाएं चली। जैसलमेर में अलसुबह हल्की रिमझिम बारिश हुई।

जैसलमेर के अलावा बाड़मेर, जालोर के एरिया में भी कुछ जगहों पर हल्की बारिश-बूंदाबांदी हुई। शुक्रवार की शाम छह बजे धौलपुर जिले में अलग-अलग जगह आकाशीय बिजली गिरने से दो बच्चों सहित तीन लोग झुलस गए। सैंपऊ में दो बच्चे और राजौरा कलां में एक युवक घायल हो गया।

10 जिलों में गर्मी की चेतावनी मौसम विभाग ने आज श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में गर्मी और लू का रेड अलर्ट जारी किया है। जोधपुर, बाड़मेर, जालोर और चूरू में ऑरेंज अलर्ट और जैसलमेर, बीकानेर, नागौर और झुंझुनूं में येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा जयपुर समेत 23 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट भी जारी किया है।

टोंक, भीलवाड़ा में आंधी-बारिश दिनभर तेज गर्मी के बाद शुक्रवार देर शाम राज्य के कई जिलों में मौसम बदल गया। भरतपुर, टोंक, भीलवाड़ा, झालावाड़, प्रतापगढ़, सीकर, धौलपुर, नागौर समेत अन्य कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। पिछले 24 घंटे के दौरान भरतपुर के नगर कस्बे में 17MM, कुम्हेर में 12, भरतपुर शहर में 7, धौलपुर के सैंपऊ में 7, सीकर के पाटन में 20, प्रतापगढ़ के अरनोद में 19, छोटी सादड़ी में 10, झालावाड़ के गंगधर में 10, मनोहरथाना में 6, भीलवाड़ा के शाहपुरा में 18, मांडलगढ़ में 12MM बारिश दर्ज हुई।

21 शहरों का तापमान 44 से 50 डिग्री रहा इससे पहले राजस्थान में शुक्रवार को जबरदस्त गर्मी रही। 21 शहरों में कल दिन का अधिकतम तापमान 44 से 50 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ। श्रीगंगानगर में कल रिकॉर्ड तोड़ तापमान दर्ज हुआ। यहां दिन का तापमान 49.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो जिले का साल 1934 के बाद जून महीने का सर्वाधिक तापमान रहा।

श्रीगंगानगर के अलावा झुंझुनूं में अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस, नागौर में 44.4, चूरू में 47.6, जोधपुर में 46.3, पाली में 45 , फतेहपुर में 45 और भीलवाड़ा में 44.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। इन सभी शहरों में कल इस गर्मी के सीजन का सर्वाधिक तापमान दर्ज हुआ है।

जैसलमेर में 46.9 डिग्री सेल्सियस, बाड़मेर, फलोदी में 46.2, बीकानेर में 46.4, चित्तौड़गढ़ में 44.9, जयपुर, अलवर में 44.5, वनस्थली (टोंक) में 44.6, कोटा में 44.2, झुंझुनूं में 44.5, दौसा में 44.9 और हनुमानगढ़ में 44.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post