कोटा में विश्व का सबसे ऊंचा रावण, 215 फीट का बनेगा आकर्षण का केंद्र

कोटा: 132वें राष्ट्रीय दशहरा मेले में इस बार दर्शकों को एक अनोखा दृश्य देखने को मिलेगा। मेले में विश्व का सबसे ऊंचा रावण बनाया जा रहा है, जिसकी ऊंचाई 215 फीट होगी। हरियाणा के अंबाला जिले के बराड़ा निवासी तेजेंद्र चौहान व उनकी टीम बीते चार माह से इस रावण के निर्माण में जुटे हैं।

तेजेंद्र चौहान ने बताया कि वे वर्ष 1990 से 2015 तक अपने गांव की रामलीला में रावण का अभिनय करते रहे हैं। इसके बाद दो वर्ष तक उनके भतीजे सौरभ चौहान ने यह भूमिका निभाई, लेकिन अमेरिका शिफ्ट होने के बाद गांव की रामलीला बंद हो गई। वर्ष 2017 से उन्होंने आधिकारिक रूप से रावण पुतला बनाने का काम शुरू किया और दिल्ली में 210 फीट ऊंचा रावण बनाकर विश्व रिकॉर्ड भी कायम किया। अब उसी रिकॉर्ड को तोड़ते हुए वे कोटा में 215 फीट ऊंचा रावण खड़ा कर रहे हैं।

रावण पुतले का 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। अब मुकुट लगाने, तलवार और ढाल तैयार करने का कार्य शेष है। 29 सितंबर को इसे खड़ा किया जाएगा। तेजेंद्र ने बताया कि इस पुतले का चेहरा करीब 25 फीट ऊंचा और 15 फीट चौड़ा है, जिसे फाइबर से तैयार किया गया है। रंग-रूप को लेकर भी बदलाव किए गए हैं। पुतले का चेहरा एलईडी लाइट्स से सुसज्जित किया जाएगा, जो दूर से चमकता दिखाई देगा।

इस बार रावण, मेघनाद और कुंभकरण तीनों पुतलों में ग्रीन पटाखे लगाए जाएंगे। रावण पुतले में 15 हजार से अधिक तथा मेघनाद व कुंभकरण (60-60 फीट ऊंचे) में 4-4 हजार ग्रीन पटाखे लगाए जाएंगे। आतिशबाजी की पूरी व्यवस्था रिमोट कंट्रोल सिस्टम से होगी, ताकि हिस्सेवार दहन किया जा सके और जलने की अवधि लगभग 10 मिनट तक बढ़ाई जा सके।

रावण को खड़ा करने के लिए दो बड़ी क्रेन, एक बैकहो लोडर और करीब 100 मजदूर लगातार काम में जुटे हैं। इसके लिए 44 लाख रुपए का टेंडर लिया गया था, हालांकि खर्च इससे अधिक होने की संभावना जताई जा रही है।

नगर निगम मेला समिति के अध्यक्ष विवेक राजवंशी ने बताया कि इस बार सुरक्षा की दृष्टि से पुतले को किशोरपुरा थाने के समीप स्थापित किया जाएगा। पूरे क्षेत्र को बैरिकेड्स से घेरा जाएगा ताकि दर्शक सुरक्षित दूरी से रावण दहन का आनंद ले सकें।

29 सितंबर को खड़ा होने के बाद यह रावण दो किलोमीटर दूर से भी दिखाई देगा और 30 सितंबर से इसमें आतिशबाजी लगाने का कार्य शुरू होगा। लाखों रुपए की लागत से तैयार यह रावण दशहरा मेले का मुख्य आकर्षण बनेगा।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post